

बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने स्टूडेंट्स के समर्थन में अपनी बात रखी है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि देश के स्टूडेंट्स ही भारत का भविष्य हैं और उनका भविष्य पूरे देश से जुड़ा हुआ है.
बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने कहा , हमारे स्टूडेंट्स, हमारा भविष्य हैं. बेहतर और सुरक्षित भविष्य के लिए उनका हौसला और संघर्ष प्रेरित करने वाला है. वे जिस साहस के साथ अपनी बात रख रहे हैं, वह हम सभी को सोचने पर मजबूर करता है. आगे उन्होंने कहा, स्टूडेंट्स की बात खुले दिल से सुननी चाहिए, उनकी परवाह करनी चाहिए और उनके साथ खड़े रहना चाहिए.

सारा ने लिखा, उनके सपने हमारे सपनों से जुड़े हैं और हमारे सपने भी उन्हीं के सपनों में बसते हैं. सारा अली खान ने अपनी पोस्ट के आखिर में सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सरकार छात्रों को न्याय देगी. नीट-यूजी पेपर लीक को लेकर स्टूडेंट्स पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं.
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. इसी मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया था. इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए थे. इसके बाद बॉलीवुड के कई अभिनेता और अभिनेत्रियों ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज़ उठाई है.





















