
Raipur chhattisgarh VISHESH / मणिपुर के उखरुल ज़िले में संदिग्ध चरमपंथियों ने असम राइफ़ल्स के काफ़िले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई है. यह हमला सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नुंगशांग नदी इलाक़े के पास किया गया था.
असम राइफ़ल्स के एक प्रवक्ता ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया, उखरुल में आज एक हमला हुआ है जिसमें दो जवान शहीद हो गए. फिलहाल इस हमले में और कितने जवान घायल हुए है इसकी पूरी जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है ल इस बीच मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इस हमले की निंदी की.

एक्स पर राज्यपाल ने कहा कि मणिपुर के गवर्नर आज उखरुल में घात लगाकर किए गए हमले में असम राइफ़ल्स के दो बहादुर जवानों की दुखद मौत से बहुत दुखी हैं. राज्यपाल हिंसा की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करते हैं.
ज़िला पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, चरमपंथियों ने इस हमले में विस्फोटकों के साथ ही गोलीबारी का इस्तेमाल किया. यह हमला उखरुल पुलिस स्टेशन से लगभग 16 किलोमीटर पूर्व में नुंगसांगखोंग के पास हुआ. फ़िलहल इलाक़े की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश में एक अभियान शुरू किया है.
वहीं मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने हमले की निंदा करते हुए मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
सीएम मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने एक्स पर लिखा आतंक की ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मणिपुर सरकार दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और शांति, सुरक्षा तथा क़ानून के शासन को बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है.





















