
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 5 जुलाई 2026
सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त व्यक्ति तक पहुँचें तो जीवन में बड़ा बदलाव संभव है।इस बात की गवाह है गौरेला विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी की श्रीमती सरिता बैगा के चेहरे की मुस्कान। सरिता बताती हैं कि पहले उनका परिवार कच्चे घर में रहता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था और खपरैल को बार-बार बदलना पड़ता था। हर वर्ष बारिश उनके परिवार के लिए चिंता और परेशानी लेकर आती थी। लेकिन पीएम जनमन आवास योजना के तहत उन्हें पक्का आवास मिला, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीदों का संचार हुआ। अब उनका परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है। बारिश का डर खत्म हो गया है और बच्चों सहित पूरा परिवार सुकून के साथ अपना जीवन बिता रहा है।
सरिता को हर माह महतारी वंदन योजना की राशि भी नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इस आर्थिक सहयोग से घर-परिवार के छोटे-बड़े खर्च पूरे करने में सहूलियत मिल रही है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। सरिता बैगा ने अपने जीवन में आए इस सकारात्मक बदलाव के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं ने उनके परिवार को नया जीवन और नई खुशियां दी हैं।






















