
Raipur chhattisgarh VISHESH / बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपना आवास खाली कर दिया है. बीते कल राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित अपने आवास में चली गई थीं.10 सर्कुलर रोड में लालू राबड़ी परिवार साल 2006 से रह रहा था
आज भवन निर्माण विभाग की एक टीम ने 10 सर्कुलर रोड पहुंचकर जांच की. जांच टीम में शामिल कांट्रैक्टर किशोर कुमार मुन्ना ने 10 सर्कुलर रोड के मुख्य गेट पर ताला लगाया. उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, पूरे आवास की जांच हो गई है और सभी सामान सुरक्षित है. आवास की चाभी अब भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को दी जाएगी.

10 सर्कुलर रोड में लालू राबड़ी परिवार साल 2006 से रह रहा था. बीते 20 साल में ये आवास राजद और लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा. ये आवास अब मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट किया गया है. वहीं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड का बंगला मिला है.
कयास लगाए जा रहे हैं कि राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव अब अपने कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में ही रहेंगे. बीती 22 जून को भवन निर्माण विभाग ने 29 जून तक राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली करने को कहा था. जिसके बाद राबड़ी देवी ने उन सामान की सूची मांगी थी जो बंगला अलॉट करते वक़्त यानी 2006 में 10 सर्कुलर रोड में थी. राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड खाली करने के लिये 5 जुलाई तक का समय मांगा था, हालांकि उन्होंने इससे पहले ही बंगला खाली कर दिया.





















