
खुफ़िया राजस्व निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बांग्लादेश सीमा से सटे चाकदह में सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 किलो सोना बरामद किया है.नदिया पुलिस ने डीआरआई अधिकारियों के हवाले इसकी पुष्टि की है. अधिकारियों का दावा है कि यह लोग अंतरराष्ट्रीय सोना तस्कर गिरोह के सदस्य हैं.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफ़िया जानकारी के आधार पर इन लोगों को गिरफ्तार किया गया. सात मोटरसाइकिलों पर सवार सात लोग कृष्णनगर से चाकदह की ओर जा रहे थे. चाकदह के पास डीआईआई अधिकारियों ने उनको घेर कर तलाशी शुरू की.

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्होंने कमर में कपड़े से बनी बेल्ट लगा रखी थी और उसके भीतर 180 गोल्ड बार बरामद हुई. वह सोना विदेश में बना था. इसका अनुमानित बाजार मूल्य 34 करोड़ से ज्यादा बताया जा रहा है.
डीआरआई सूत्रों ने गिरफ्तार युवकों से प्राथमिक पूछताछ के हवाले बताया कि यह लोग मुख्य रूप से कैरियर थे. उन्होंने सीमावर्ती इलाक़े में किसी से यह सोना लिया था और इसे कोलकाता पहुंचाने जा रहे थे. इस गिरोह के सरगना का पता लगाने के लिए उन लोगों से पूछताछ की जा रही है.





















