
Raipur chhattisgarh VISHESH / सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) अधिनियम, 2025 पर एक महत्वपूर्ण मीडिया वार्ता का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 3 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे रायपुर के सिविल लाइंस स्थित न्यू सर्किट हाउस के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा।
इस मीडिया संवाद में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा (रायपुर) के प्रोफेसर आनंद रघुवंशी मुख्य वक्ता के रूप में अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, उद्देश्यों एवं क्रियान्वयन ढांचे पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे।

उल्लेखनीय है कि यह अधिनियम 1 जुलाई 2026 से देशभर में प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिसे ग्रामीण रोजगार और आजीविका सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नीतिगत परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। इस व्यवस्था के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार को प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिनों तक रोजगार की कानूनी गारंटी प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को सुनिश्चित एवं सतत रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में मजबूत आधार तैयार हुआ है।
अधिनियम का प्रमुख उद्देश्य केवल रोजगार सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे ग्राम स्तर पर स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण, जल संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन, कृषि आधारित ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा आजीविका विविधीकरण से भी जोड़ा गया है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी बनाने की दिशा में व्यापक परिवर्तन की संभावना व्यक्त की जा रही है। नई व्यवस्था के अंतर्गत कार्यों की योजना, अनुमोदन एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया को तकनीक-संचालित एवं अधिक पारदर्शी बनाया गया है, जिससे लाभार्थियों तक समयबद्ध रोजगार सुनिश्चित किया जा सके तथा योजनाओं की प्रभावी निगरानी संभव हो।
पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित इस मीडिया वार्ता में विषय विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ अधिकारी अधिनियम के नीतिगत उद्देश्य, प्रमुख प्रावधानों, वित्तीय संरचना, क्रियान्वयन मॉडल तथा इसके सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों का भी उत्तर दिया जाएगा, जिससे अधिनियम की व्यावहारिक समझ और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों की उपस्थिति अपेक्षित है। पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय नीति संवाद में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।





















