


दुपहिया में डिप्टी सीएम अरुण साव, बरसात से पहले बिलासपुर का लिया जायजा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्कूटी से निकले बिलासपुर के विकास कार्यों की नब्ज टटोलने

डिप्टी डीएम अरुण साव ने निर्माण कार्य समय सीमा और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
अरपा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने 250 करोड़ रुपए की योजना, दो एसटीपी बनाने का प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश
Raipur chhattisgarh VISHESH / बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को स्कूटी से बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मंगल में एसटीपी, सड़क निर्माण कार्य, बिलासपुर कन्वेंशन सेंटर, राम सेतु एवं अशोक नगर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे होने चाहिए। उन्होंने जिन कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना उपलब्ध हो।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अरपा नदी के प्रदूषण पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 70 नालों का पानी सीधे अरपा नदी में गिर रहा है, जिससे नदी का जल प्रदूषित हो रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए की एसटीपी योजना तैयार की गई है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि योजना का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि जल्द स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि बिलासपुर में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम की अधोसंरचना योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी जी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।





















