
प्रविष्टि तिथि: 08 JUN 2026 6:10PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब में प्रशिक्षण गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ “इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिकल फंडामेंटल्स” विषय पर आयोजित प्रथम पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ किया गया। यह पहल संयंत्र में व्यावहारिक तकनीकी प्रशिक्षण को नई दिशा देने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


विभिन्न विभागों के कर्मियों की तकनीकी क्षमता, परिचालन उत्कृष्टता तथा कार्य दक्षता को और अधिक विकसित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित विशेष प्रशिक्षण श्रृंखला के तहत यह पहला पायलट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब की स्थापना उनके मार्गदर्शन में की गई है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षण संकाय सदस्य तथा प्रतिभागी भी मौजूद रहे।

औद्योगिक विद्युत प्रणालियों की मजबूत आधारभूत समझ विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विद्युत शक्ति के मूल सिद्धांत, मोटर नियंत्रण तकनीक, विद्युत मापन उपकरणों तथा ट्रबलशूटिंग प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में विद्युत सुरक्षा के साथ-साथ डिजिटल मल्टीमीटर, क्लैम्प मीटर, डायोड, थाइरिस्टर, इंसुलेटेड गेट बाइपोलर ट्रांजिस्टर, इंडक्शन मोटर, स्टार-डेल्टा स्टार्टर तथा वेरिएबल फ्रीक्वेंसी ड्राइव जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक विषयों को शामिल किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता इसका व्यापक प्रायोगिक सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों को आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण उपकरणों पर प्रत्यक्ष अभ्यास का अवसर प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने वोल्टेज एवं करंट मापन, डायोड और थाइरिस्टर परीक्षण, मोटर स्टार्टिंग डायनेमिक्स के अध्ययन तथा वेरिएबल फ्रीक्वेंसी ड्राइव नियंत्रित मोटर प्रणालियों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। इस प्रयोगात्मक प्रशिक्षण ने सैद्धांतिक ज्ञान और वास्तविक औद्योगिक अनुप्रयोगों के बीच की दूरी को कम करते हुए सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि एडवांस्ड इलेक्ट्रिकल लैब भविष्य में संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए तकनीकी कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र सिद्ध होगी तथा आधुनिक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगी।
*****





















