
Raipur chhattisgarh VISHESH / आगामी खरीफ बुवाई सीजन से पहले छत्तीसगढ़ में डीजल की बढ़ती मांग के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने राज्यभर में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा किया है। ग्रामीण एवं कृषि प्रधान जिलों में बढ़ती खपत को देखते हुए तेल कंपनियों ने लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति तंत्र को और मजबूत किया है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के रायपुर डिविजनल कार्यालय के डिविजनल रिटेल सेल्स हेड (डीआरएसएच) एवं छत्तीसगढ़ के राज्य स्तरीय समन्वयक नितिन चव्हाण द्वारा साझा जानकारी के अनुसार, मई 2026 में पेट्रोल की रिटेल बिक्री में वर्ष-दर-वर्ष 7.9 प्रतिशत तथा डीजल की रिटेल बिक्री में 15.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसे कृषि गतिविधियों में तेजी और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसमी मांग बढ़ने का संकेत माना जा रहा है।
नितिन चव्हाण ने बताया कि किसान आगामी बुवाई सीजन की तैयारी में खेतों की जुताई एवं अन्य कृषि कार्यों में जुटे हुए हैं, जिसके कारण डीजल की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियाँ कृषि एवं घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य के विभिन्न हिस्सों में ईंधन की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार समन्वित आपूर्ति संचालन कर रही हैं।

बस्तर, बालोद, सक्ति एवं सूरजपुर सहित कई जिलों से डीजल की सुगम उपलब्धता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। बस्तर के एक किसान ने बताया कि खेतों की तैयारी एवं ट्रैक्टर संचालन के लिए इस समय नियमित डीजल आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है और उन्हें नजदीकी रिटेल आउटलेट्स पर बिना किसी परेशानी के ईंधन उपलब्ध हो रहा है। सक्ति जिले के एक उपभोक्ता ने भी कहा कि गांव के समीप स्थित सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी के रिटेल आउटलेट पर डीजल आसानी से मिल रहा है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में काफी सुविधा हो रही है।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कंपनियों ने नागरिकों से सामान्य खरीद व्यवहार बनाए रखने, अनावश्यक खरीदारी से बचने तथा ईंधन उपलब्धता संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।





















