
Raipur chhattisgarh VISHESH / कर्मचारियों और उनके परिवारों में सांस्कृतिक प्रतिभा एवं कलात्मक अभिरुचि को प्रोत्साहन देने की दिशा में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा 9 जून से 13 जून 2026 तक अंतर-विभागीय संगीत (गायन) प्रतियोगिता–2026 का आयोजन किया जाएगा। क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतिष्ठित वार्षिक प्रतियोगिता सिविक सेंटर स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर में संपन्न होगी।
प्रतियोगिता में संयंत्र के कर्मचारियों एवं उनकी जीवनसंगिनियों की सहभागिता रहेगी। आयोजन के अंतर्गत पुरुष हिंदी एकल गायन, महिला हिंदी एकल गायन, पुरुष गैर-हिंदी एकल गायन, महिला गैर-हिंदी एकल गायन तथा युगल गायन सहित पांच प्रमुख विधाओं में प्रतिस्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी। हिंदी एवं गैर-हिंदी गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन पृथक श्रेणियों में किया जाएगा, ताकि विविध भाषायी एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान किया जा सके।

गैर-हिंदी श्रेणी में प्रतिभागी हिंदी के अतिरिक्त छत्तीसगढ़ी, तेलुगु, तमिल, बंगाली, मराठी, गुजराती, पंजाबी, ओड़िया, भोजपुरी, मलयालम, राजस्थानी सहित अन्य भारतीय भाषाओं में प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रत्येक श्रेणी में पृथक प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए न्यूनतम छह प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
युगल गायन प्रतियोगिता में केवल पति-पत्नी की जोड़ी को भाग लेने की पात्रता होगी तथा दोनों में से कम-से-कम एक प्रतिभागी का भिलाई इस्पात संयंत्र का कर्मचारी होना आवश्यक रहेगा। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए संगतकारों की व्यवस्था आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रतियोगिता के प्रवेश प्रपत्र एवं विस्तृत नियम 15 मई 2026 से कार्यालयीन समय में सेक्टर-4 स्थित हैंडबॉल अकादमी परिसर के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग से प्राप्त किए जा सकेंगे। प्रविष्टियाँ जमा करने की अंतिम तिथि 5 जून 2026 निर्धारित की गई है।





















