
दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2025 में जशपुर की सरडीह ग्राम पंचायत को राष्ट्रीय पहचान
Raipur chhattisgarh VISHESH /ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा घोषित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2025 में जशपुर जिले की सरडीह ग्राम पंचायत को “स्वच्छ एवं हरित पंचायत” श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। पुरस्कार वितरण समारोह 3 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2025 के अंतर्गत सरडीह ग्राम पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया है। उत्कृष्ट स्वच्छता प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण अधोसंरचना विकास के लिए पंचायत को ₹25 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन का आदर्श मॉडल
2,202 की आबादी एवं 454 परिवारों वाली सरडीह ग्राम पंचायत ने शत-प्रतिशत ओपन डेफिकेशन फ्री प्लस स्थिति को प्राप्त करने के साथ उसे निरंतर बनाए रखा है। पंचायत में सार्वभौमिक स्वच्छता कवरेज तथा घर-घर अपशिष्ट पृथक्करण व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की गई है।
पंचायत द्वारा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की समग्र व्यवस्था विकसित की गई है, जिसमें घर-घर कचरा संग्रहण, कम्पोस्ट निर्माण तथा ग्रे-वॉटर पुनः उपयोग जैसी व्यवस्थाएँ शामिल हैं। नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए पंचायत में समर्पित स्वच्छता कर्मियों की नियुक्ति की गई है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल
सरडीह ग्राम पंचायत ने सामुदायिक संकल्प एवं जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध लागू किया है। वृक्षारोपण अभियान, वन संरक्षण गतिविधियाँ तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित नर्सरियों ने पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत किया है।
सौर ऊर्जा एवं जल संरक्षण को मिला बढ़ावा
हरित अधोसंरचना को बढ़ावा देने के लिए पंचायत में सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट एवं सिंचाई पंप स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण सुविधाओं और कृषि गतिविधियों को नई गति मिली है।
जल संरक्षण के क्षेत्र में तालाबों के पुनर्जीवन, भू-जल पुनर्भरण तथा ड्रिप सिंचाई प्रणाली को बढ़ावा देने जैसे प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिससे जल उपयोग दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
सहभागी ग्रामीण विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनी सरडीह पंचायत
यह उपलब्धि पंचायत आधारित सतत एवं सहभागी ग्रामीण विकास के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बढ़ती पहचान को रेखांकित करती है। सरडीह ग्राम पंचायत को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी आधारित ग्रामीण प्रशासन के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।





















