
प्रविष्टि तिथि: 13 APR 2026 8:46PM by PIB Raipur
युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘MY Bharat छत्तीसगढ़’ द्वारा आज भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), रायपुर में राष्ट्रीय-स्तरीय ‘MY Bharat Budget Quest’ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम में राज्य भर से 500 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो नीतिगत संवाद और राष्ट्र-निर्माण की प्रक्रियाओं में युवाओं की बढ़ती सहभागिता को दर्शाता है।

युवा मामले और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री श्री डॉ. मनसुख मांडविया का वर्चुअल संबोधन रहा। उन्होंने अपने उद्बोधन में ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए समावेशी और सतत विकास के लिए सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के संबोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

समापन सत्र में कौशल विकास मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, माननीय गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं से ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने हेतु बजट संबंधी समझ और सहभागिता को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए और प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए बजट के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान ‘मानव पूंजी विकास’ तथा ‘विकसित कृषि’ जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में प्रतिभागियों के बीच सार्थक संवाद, नवाचारपूर्ण विचारों का आदान-प्रदान तथा नीति-उन्मुख दृष्टिकोण को प्रोत्साहन मिला।

‘MY Bharat Budget Quest’ ने युवाओं के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करते हुए उन्हें बजटीय एवं विकासात्मक ढाँचों को समझने, उन पर विमर्श करने और उनमें रचनात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया। यह पहल देश की प्रगति में युवाओं को सशक्त हितधारक के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का समापन ‘युवा-नेतृत्व वाले परिवर्तन’ के सशक्त संदेश के साथ हुआ, जिसने आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ किया





















