

प्रविष्टि तिथि: 12 MAR 2026 6:07PM by PIB Raipur
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (National Statistical Office – NSO) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा गुरुवार को वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण (Annual Survey of Industries – ASI) के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्र संकार्य प्रभाग के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य चयनित औद्योगिक इकाइयों को वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण के महत्व, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा वेब पोर्टल के माध्यम से विवरणी भरने के संबंध में प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर के उपमहानिदेशक श्री अल्ताफ हुसैन हाजी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष संचालित किया जाने वाला वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण देश के औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इन आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय आय के आकलन, सकल घरेलू उत्पाद (Gross Domestic Product – GDP) के अनुमान, औद्योगिक संरचना के अध्ययन, योजना निर्माण तथा औद्योगिक विकास से जुड़ी नीतियों के निर्धारण में किया जाता है।
0Y6Z.jpeg)
उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक आंकड़े उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण वर्ष 2024-25 से संबंधित जानकारी औद्योगिक इकाइयाँ स्वयं वेब पोर्टल के माध्यम से भरकर समय पर प्रस्तुत करें। किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी कठिनाई होने पर राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र संकार्य प्रभाग द्वारा संचालित अन्य सांख्यिकीय सर्वेक्षणों की भी जानकारी दी तथा उनसे संबंधित प्रचार वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।
कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों का स्वागत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, रायपुर की उपनिदेशक सुश्री सचिता राकेश अग्रवाल ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि संगठित विनिर्माण क्षेत्र में वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से आग्रह किया कि वे पोर्टल पर डेटा का स्वयं संकलन करें, जिससे त्रुटियों की संभावना कम होगी और सटीक आंकड़े प्राप्त किए जा सकेंगे।
शिविर में रायपुर जिले की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के लगभग 35 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें एम/एस सीजी एग्रो (M/s CG Agro), एम/एस जैका ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड (M/s Jaika Automobiles Private Limited), एम/एस वंदना इस्पात प्राइवेट लिमिटेड (M/s Vandana Ispat Private Limited), द वैक्सपोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (The Waxpol Industries Limited), एम/एस ओटेक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (M/s Otecch Industries Private Limited) सहित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी श्री एस. के. राणा ने किया। अंत में वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी श्री ओ. पी. साहू ने सभी प्रतिभागियों और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण शिविर में सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।








