

प्रविष्टि तिथि: 23 FEB 2026 6:27PM by PIB Raipur
Raipur chhattisgarh VISHESH : इस्पात मंत्रालय के अधीन Steel Authority of India Limited के Bhilai Steel Plant के मानव संसाधन विभाग ने प्लेट मिल विभाग के 22 कर्मचारियों की पत्नियों के लिए “आप भी जानिए” कार्यक्रम आयोजित किया।

पहल का उद्देश्य कर्मचारियों के परिवारों को कार्यस्थल, संयंत्र की कार्यप्रणाली और इस्पात निर्माण प्रक्रिया से परिचित कराना तथा संगठन–परिवार संवाद को सुदृढ़ बनाना है।
उद्घाटन सत्र मानव संसाधन विकास केन्द्र में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक (विद्युत) श्री सी. पद्मनाभन ने की। महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे. एन. ठाकुर एवं उप महाप्रबंधक (मिल्स, मटेरियल्स एंड सर्विसेज) श्री प्रताप शेखर नायक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने राष्ट्रीय विकास में प्लेट मिल की भूमिका और संयंत्र में सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं कुशल उत्पादन में तकनीकी दक्षता के साथ परिवारों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन–मिल्स जोन-3) सुश्री तनमयी मारेपल्ली ने किया।
संयंत्र भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने यूनिवर्सल रेल मिल, ब्लास्ट फर्नेस, स्टील मेल्टिंग शॉप–3, कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग तथा प्लेट मिल का अवलोकन किया। प्लेट मिल शॉप फ्लोर पर उन्होंने इस्पात निर्माण एवं रोलिंग प्रक्रिया, तकनीकी प्रणालियों और सुरक्षा मानकों को निकट से देखा।
भ्रमण के उपरांत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेस किचन में दोपहर भोज तथा मुख्य महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री कार्तिकेय बेहरा एवं विभागाध्यक्षों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया।
प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बताते हुए संयंत्र की कार्यसंस्कृति और अपने पतियों के कार्य पर गर्व व्यक्त किया।








