

प्रविष्टि तिथि: 29 JAN 2026 5:39PM by PIB Raipur
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। देश में पहली बार समर्थ पंचायत पोर्टल (SAMARTH Panchayat Portal) के माध्यम से ऑनलाइन करारोपण एवं संपत्ति कर भुगतान की शुरुआत धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत सांकरा ग्राम पंचायत से की गई। इस पहल के तहत नागरिकों ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) आधारित ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से सफलतापूर्वक संपत्ति कर का भुगतान किया।

यह नवाचार ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारदर्शिता, सुविधा और समयबद्ध कर संग्रह की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री विवेक भारद्वाज, सचिव, पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ ने ग्राम पंचायतों के डिजिटलीकरण में देश को नई दिशा दिखाई है और अब अन्य राज्य इस मॉडल से सीखेंगे।

कार्यक्रम में श्रीमती निहारिका बारीक सिंह, प्रमुख सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, छत्तीसगढ़, श्रीमती प्रियंका महोबिया, संचालक, पंचायत छत्तीसगढ़, श्री अबिनाश मिश्रा, कलेक्टर, जिला धमतरी, श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी, श्री अरुण सार्वा, अध्यक्ष, जिला पंचायत, श्री नकुल वर्मा, उपसंचालक, पंचायत, श्री रोहित बोरझा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नगरी, श्री नागेंद्र बोरझा, सरपंच, सांकरा ग्राम पंचायत तथा श्री मदन सेन, सचिव, ग्राम पंचायत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारीक सिंह ने कहा कि समर्थ पंचायत पोर्टल “डिजिटल इंडिया” और “आत्मनिर्भर पंचायत” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करता है। वहीं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने इसे धमतरी जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से जिले ने सुशासन का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि समर्थ पंचायत पोर्टल के माध्यम से करारोपण एवं कर भुगतान की ऑनलाइन व्यवस्था से ग्राम पंचायतों के प्रशासनिक कार्य सरल, त्वरित और अधिक पारदर्शी होंगे। नागरिक अब घर बैठे डिजिटल माध्यमों से संपत्ति कर का भुगतान कर सकेंगे, जिससे पंचायतों के राजस्व संग्रह में वृद्धि होगी और बकाया कर की समस्या में कमी आएगी।
ग्राम पंचायतों के स्वयं के राजस्व स्रोतों (Own Sources of Revenue) का सुदृढ़ीकरण आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों की कर भुगतान के प्रति सकारात्मक सहभागिता एक प्रगतिशील समाज का द्योतक है। पंचायती राज मंत्रालय द्वारा परिकल्पित एवं क्रियान्वित समर्थ पंचायत पोर्टल पंचायतों को कर एवं गैर-कर राजस्व के डिजिटलीकरण, सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा ऑनलाइन संग्रह के माध्यम से सशक्त बनाने वाला एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है। यह पहल ग्रामीण स्तर पर स्थानीय शासन को मजबूत करते हुए नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।








