

प्रविष्टि तिथि: 28 JAN 2026 5:53PM by PIB Raipur
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया—एनएचएआई) द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आधुनिक एवं तकनीक आधारित उपायों के प्रभावी उपयोग पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।


कार्यशाला के दौरान सड़क सुरक्षा प्रबंधन, ब्लैक स्पॉट सुधार, प्रभावी साइनेज की भूमिका, सोलर रोड स्टड, सोलर रिफ्लेक्टिव पावमेंट मार्कर (आरपीएम), मीडियन मार्कर सहित अन्य सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि यदि इन तकनीकी समाधानों को वैज्ञानिक, योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा एनएचएआई की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण द्वारा निरंतर नवाचार, आधुनिक तकनीक तथा प्रभावी सुरक्षा उपायों को अपनाया जा रहा है।

इस अवसर पर 3एम इंडिया कंपनी के विशेषज्ञ अमित रावड़े, डॉ. हरश्रृंगार पटेल, अंकित कुमार एवं दिनेश देशमुख ने सड़क सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता, उनकी कार्यक्षमता एवं व्यावहारिक लाभों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में परियोजना कार्यान्वयन इकाई कोरबा के परियोजना निदेशक डी.डी. पार्लावर, बिलासपुर से मुकेश कुमार, अभनपुर से शमशेर सिंह, रायपुर से दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न टोल प्लाजा के टोल प्रबंधक, अभियंता, प्रबंधक, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे








