

प्रविष्टि तिथि: 24 DEC 2025 5:48PM by PIB Raipur
देश में नवाचार-संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर में ‘डिज़ाइन फॉर भारत – यूथ इनोवेशन चैलेंज 2026’ के अंतर्गत सम्मान समारोह एवं नवाचार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, कृषि एवं पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े युवाओं के अभिनव समाधानों को प्रदर्शित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अर्पित तिवारी, स्टेट डायरेक्टर, माय भारत, तथा सम्माननीय अतिथि डॉ. समीर बाजपेयी, निदेशक (प्रभारी), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. श्रुति एस. नागदेवे, नोडल अधिकारी, डिज़ाइन फॉर भारत द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. समीर बाजपेयी ने कहा कि वर्तमान समय युवा नवप्रवर्तकों के लिए असीम अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को समस्याओं को नए दृष्टिकोण से समझने और व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करती है।

श्री अर्पित तिवारी ने प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को नवाचार के माध्यम से “विकसित भारत” के लक्ष्य में योगदान देने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विजेताओं की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर की टीमों “REnalyse” और “BioExtreme”, तथा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज रायपुर की टीम “Oshowott” को उनके नवाचारों के लिए सम्मानित किया गया।
“REnalyse”, जिसे जैव प्रौद्योगिकी विभाग के छात्र हुमांशु साहू ने विकसित किया, किडनी रोग की प्रारंभिक पहचान हेतु एक किफायती परीक्षण स्ट्रिप पर आधारित है, जिसमें मूत्र-आधारित बायोमार्कर का उपयोग किया गया है।
“ThermoSmart Rice”, जैव प्रौद्योगिकी विभाग की छात्र टीम द्वारा प्रस्तुत नवाचार है, जो धान की फसल को उच्च तापमान में अधिक सहनशील बनाता है।
“Oshowott” टीम का नवाचार प्लास्टिक कचरे को पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों में परिवर्तित करने पर केंद्रित है।
यह आयोजन युवा नवप्रवर्तकों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और समस्या-समाधान क्षमता को उजागर करने वाला प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।
*****
आरडीजे/केआरवी








