

प्रविष्टि तिथि: 04 NOV 2025 6:21PM by PIB Raipur
सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक आचरण के मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई इस्पात संयंत्र में ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025’ का समापन समारोह महात्मा गांधी कला मंदिर में गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि एवं सप्ताह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (Chief Vigilance Officer – CVO) श्री सुनील सिंघल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया और ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025’ के अंतर्गत आयोजित विविध गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “सतर्कता – हमारी साझा जिम्मेदारी” के अंतर्गत कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों में नैतिकता, ईमानदारी और भ्रष्टाचार-विरोधी मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं, जन-जागरूकता रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुख्य अतिथि श्री ए. के. चक्रवर्ती ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सतर्कता केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक भ्रष्टाचार-मुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर नैतिक मूल्यों का पालन करना होगा।” उन्होंने युवाओं से सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि “ईमानदारी ही संगठन और समाज की सबसे बड़ी ताकत है।”

समारोह के दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों ने सतर्कता विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। तत्पश्चात ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की झलकियों पर आधारित एक लघु वीडियो डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण समारोह, छात्र प्रतियोगिताएं और अन्य गतिविधियों के दृश्य सम्मिलित थे।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं उपक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, निर्णायकों तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के विद्यालयों के एथिक्स क्लब से जुड़े विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समापन सत्र का संचालन उप महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री मोहम्मद नौशाद आलम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री संदीप गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र में मनाया गया यह ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह’ संगठन की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिसके अंतर्गत नैतिक आचरण, पारदर्शिता और ईमानदारी को संस्थागत संस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जा रहा है।








