

Posted On: 26 SEP 2025 6:05PM by PIB Raipur
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी) में विश्व गर्भनिरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में पोस्टर प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं के माध्यम से गर्भनिरोधक के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता द्विवेदी ने किया। इस दौरान पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग, श्री शंकराचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा जेएलएनएचआरसी के स्टाफ द्वारा तैयार किए गए कुल 37 पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई। निर्णायक मंडल में डॉ. संबिता पंडा, डॉ. मनीषा कांगो और डॉ. पी. मर्सी ने पोस्टरों का मूल्यांकन किया। मौके को और रोचक बनाने के लिए पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नाटक प्रस्तुत कर गर्भनिरोधक के महत्व पर सारगर्भित संदेश दिया।

समारोह में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता द्विवेदी ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में गर्भनिरोधक की अनिवार्यता, इसके महत्व और उपलब्ध विभिन्न विधियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार नियोजन केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय स्वास्थ्य से भी जुड़ा विषय है।
कार्यक्रम के पूर्व दिवस 25 सितम्बर को पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मुख्य सलाहकार (प्रसूति एवं स्त्री रोग) डॉ. हिमानी गुप्ता ने जागरूकता जागरूकता वार्ता का आयोजन किया। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 60 नर्सिंग छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र का उद्देश्य प्रजनन स्वास्थ्य और गर्भनिरोधक संबंधी जानकारी को और व्यापक बनाना था।
समूचे आयोजन में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (विभागाध्यक्ष एवं प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य प्रभारी) डॉ. नीना गुहा और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ) डॉ. सुमन कुमार की भूमिका केंद्रीय रही। स्वागत भाषण डॉ. नीना गुहा ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. निशा ठाकुर ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. रविंद्रनाथ एम. के मार्गदर्शन में हुआ और विभाग के सामूहिक प्रयासों से विश्व गर्भनिरोधक दिवस की महत्ता को सार्थक रूप में सामने रखा गया।








