

Raipur chhattisgarh VISHESH स्वच्छ और स्वस्थ इस्पात नगर बनाने के उद्देश्य से भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग ने नागरिकों से जिम्मेदारीपूर्वक कचरे का निस्तारण करने का आवाहन किया है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि स्वच्छता अभियान की सफलता तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक, दुकानदार, होटल-भोजनालय संचालक और फूड स्टॉल मालिक पूर्ण सहयोग दें।
विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को श्रेणियों में अलग रखें—जैसे सूखा कचरा, भोजन एवं रसोई का कचरा तथा प्लास्टिक कचरा—और निर्धारित समय पर सफाईकर्मियों को ही सौंपें। अवैध स्थानों पर कचरा फेंकने से गंदगी और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियाँ उत्पन्न होती हैं, संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बढ़ता है, साथ ही नालियों और सीवरेज व्यवस्था के अवरुद्ध होने की समस्या भी सामने आती है।
नगर सेवाएँ विभाग ने होटल, भोजनालय और फूड स्टॉल संचालकों से विशेष अपील की है कि वे भी उचित कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया का सख्ती से पालन करें। विभाग ने दोहराया कि भिलाई को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं, लेकिन इस मिशन की सफलता नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
कचरे का जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण न केवल जन-स्वास्थ्य की सुरक्षा करेगा, बल्कि इस्पात नगर की नागरिक सुविधाओं को सुचारू और प्रभावी बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
RDJ/KRV/PJ









