आपने ‘ए’, ‘बी’, ‘ओ’ और ‘आरएच’ जैसे ब्लड ग्रुप्स के बारे में सुना होगा. इनके अलावा कुछ दुर्लभ ब्लड ग्रुप्स भी होते हैं. लेकिन अब भारत में एक नया ब्लड ग्रुप पाया गया है, इसका नाम है सीआरआईबी.
सीआरआईबी में ‘सी’ का मतलब है क्रोमर (Cromer यानी CH) जो कुल 47 ब्लड ग्रुप्स में से एक है, ‘आई’ का मतलब है इंडिया और ‘बी’ का मतलब है बेंगलुरु. आसान शब्दों में कहा जाए तो ये एक ऐसा ब्लड ग्रुप है जो बेंगलुरु के पास एक महिला में पाया गया है.

ये ब्लड ग्रुप इतना दुर्लभ है कि 38 साल की इस महिला की हार्ट सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने ट्रांसफ्यूज़न (ख़ून चढ़ाने) की ज़रूरत पड़ने की स्थिति के लिए पहले से एक या दो बोतल खू़न तैयार रखने की सामान्य प्रक्रिया तक नहीं अपनाई.
ऐसा इसलिए क्योंकि विशेषज्ञ महिला के ब्लड ग्रुप की पहचान नहीं कर पाए थे.





















