




Raipur chhattisgarh VISHESH / राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर ने 7 सितंबर 2026 को “नेट ज़ीरो एनर्जी सिस्टम्स” (Net Zero Energy Systems) विषय पर एक ज्ञानवर्धक विशेषज्ञ संवाद सत्र का आयोजन किया। इस अवसर पर संस्थान के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के विशिष्ट पूर्व छात्र श्री प्रकाश चंद्राकर (1984 बैच) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। श्री चंद्राकर C&S Electric Limited (Siemens Group Company) के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) तथा Siemens MV Power Distribution System & Future Grid के पूर्व CEO रह चुके हैं।
इस कार्यक्रम का आयोजन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एसोसिएशन (EEA), NIT Raipur द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को उद्योग जगत के दृष्टिकोण, उभरती प्रौद्योगिकियों, करियर के अवसरों तथा उद्यमिता के विभिन्न मार्गों से सार्थक रूप से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. समीर बाजपेयी, निदेशक (प्रभारी), एन आई टी रायपुर के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. शुभ्रता गुप्ता, डीन (अकादमिक), एन आई टी रायपुर सहित विभिन्न संकाय सदस्य, शोधार्थी, अधिकारी, विद्यार्थी तथा एन आई टी रायपुर के इन्क्यूबेशन सेंटर से जुड़े स्टार्टअप संस्थापक उपस्थित रहे।
विशेषज्ञ व्याख्यान के दौरान श्री चंद्राकर ने विद्युत वितरण उद्योग में अपने दीर्घ अनुभव के आधार पर नेट ज़ीरो एनर्जी सिस्टम्स के तेजी से विकसित होते परिदृश्य पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने सफल करियर निर्माण तथा ऊर्जा संक्रमण में सार्थक योगदान के लिए तकनीकी दक्षता, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, नवाचार, नेतृत्व, उद्यमिता और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला।
सत्र में रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, स्टार्टअप, नवाचार तथा सतत ऊर्जा प्रौद्योगिकियों जैसे अनेक उभरते एवं बहुविषयक क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई। श्री चंद्राकर ने इस बात पर जोर दिया कि उद्योग जगत में ऐसे इंजीनियरों की मांग लगातार बढ़ रही है, जो मजबूत तकनीकी बुनियादी ज्ञान के साथ-साथ समस्या-समाधान की क्षमता, उद्यमशील सोच, नेतृत्व कौशल और वास्तविक औद्योगिक चुनौतियों की समझ रखते हों।
कार्यक्रम के दौरान एन आई टी रायपुर के इन्क्यूबेशन सेंटर में इनक्यूबेट किए जा रहे स्टार्टअप्स के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। श्री चंद्राकर ने स्टार्टअप संस्थापकों से संवाद करते हुए उनके नवाचारों, तकनीकों और उद्यमशील यात्राओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अपने व्यापक औद्योगिक अनुभव के आधार पर महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस संवाद ने स्टार्टअप्स को तकनीकी विकास, बाजार की प्रासंगिकता, उद्यमिता, फंडिंग के अवसरों तथा नवीन विचारों को बड़े पैमाने पर लागू किए जा सकने वाले समाधानों में परिवर्तित करने की चुनौतियों पर एक अनुभवी उद्योग विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम की संवादात्मक प्रकृति ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों और उद्यमियों को सक्रिय रूप से चर्चा में भाग लेने तथा करियर विकास, उद्योग की अपेक्षाओं, नवाचार, उद्यमिता और पेशेवर विकास से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस प्रकार यह सत्र मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन, स्टार्टअप सहयोग तथा पूर्व छात्र–उद्योग–संस्थान के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर श्री प्रकाश चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया एन आई टी रायपुर के साथ अपने बहुमूल्य अनुभव, ज्ञान और मार्गदर्शन को साझा करने के लिए संस्थान ने उनका धन्यवाद किया।





















