

श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर राजधानी रायपुर से गूंजा ‘एकता और संगठन’ का संकल्प
Raipur chhattisgarh VISHESH रायपुर, 05 सितंबर 2026।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर यादव समाज रायपुर के तत्वावधान में 05 सितंबर 2026 को राजधानी रायपुर में विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ महादेवघाट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से हुआ, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए काली मंदिर, शहीद कौशल यादव चौक पहुंची, जहां भव्य सभा का आयोजन किया गया।

रैली में बड़ी संख्या में यादव समाज के विभिन्न वर्गों, संगठनों एवं क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, महिलाओं, युवाओं तथा समाज के प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली का उद्देश्य यादव समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता, भाईचारे और संगठन की भावना को मजबूत करना था।
रैली के दौरान श्रीमती प्रज्ञा यादव, कांकेर राधा-कृष्ण के स्वरूप में रथ पर सुशोभित रहीं। उनके साथ सहयोगियों की उपस्थिति ने रैली को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री विनोद यादव, जिला अध्यक्ष कोसरिया यादव समाज महासमुंद द्वारा किया गया।
सभा में मुख्य अतिथि के रूप में श्री देवनारायण यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सरगुजा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्रीमती निर्मला यादव, अध्यक्ष नगर पंचायत विश्रामपुर; श्री महेश यादव, अध्यक्ष नगर पंचायत राजिम; श्री रिखी राम यादव, अध्यक्ष नगर पंचायत गरियाबंद; श्री सुधीर यादव, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ यादव समाज; श्रीमती ललिता यादव, प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग ठेठवार यादव समाज; श्री उमेश यदु, श्री जितेंद्र बहादुर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष; श्री निरंजन यादव; श्री कमल यादव; सुश्री शोभा यादव; श्रीमती अरुणा यादव; श्रीमती भारती यादव, प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग प्रयासम प्रगतिशील यादव समाज; श्रीमती लक्ष्मी यादव, सदस्य प्रगतिशील यादव महासभा; श्री जय यादव, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ यादव एकता कल्याण संगठन एवं टीम; श्री माधव यादव, अध्यक्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी मित्र मंडल समिति; श्री सुरेश यादव अध्यक्ष शासकीय यादव सेवक संघ, श्री प्रभाकरकांत यादव, सचिव; श्रीमती ममता यादव, सदस्य; श्रीमती वेदकुमारी यादव, सदस्य छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ; एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ के सदस्य श्री राहुल यादव; श्री संजय यादव; श्रीमती जया यादव; सुश्री अनीता यादव सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
समाज को एकजुट करने का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यादव समाज विभिन्न वर्गों और संगठनों में विभाजित है। आवश्यकता इस बात की है कि सभी वर्ग आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर सामाजिक एकता और भाईचारे के साथ एक मंच पर आएं। इसी उद्देश्य से राजधानी रायपुर से इस विशाल बाइक रैली के माध्यम से पूरे समाज को “हम सब एक हैं” का संदेश दिया गया।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने समाज को संगठित करने, युवाओं को आगे बढ़ाने, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
श्री विनोद यादव ने दिया सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण संदेश
कार्यक्रम में मंच संचालन कर रहे श्री विनोद यादव ने सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल संगठन और मंच पर एक साथ आने से समाज की वास्तविक एकता संभव नहीं है। जब तक यादव समाज के विभिन्न वर्गों के बीच रोटी-बेटी का संबंध मजबूत नहीं होगा, तब तक सामाजिक एकता और संगठन को अपेक्षित मजबूती नहीं मिल सकेगी।
उन्होंने इस विचार को केवल भाषण तक सीमित न रखते हुए अपने परिवार से इसकी शुरुआत करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि वे स्वयं कोसरिया यादव समाज से होने के बावजूद अपने परिवार के सदस्य का विवाह झेरिया यादव समाज में करने का निर्णय ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता की शुरुआत दूसरों से नहीं, बल्कि अपने घर और परिवार से होनी चाहिए। इसी भावना के साथ उन्होंने आने वाले समय में इस विवाह समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित करने का भी निर्णय लिया है।
श्री विनोद यादव का यह निर्णय कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों के बीच चर्चा का विषय बना और इसे सामाजिक समरसता एवं एकता की दिशा में एक सकारात्मक एवं अनुकरणीय पहल के रूप में देखा गया।
एकता की ओर बढ़ता यादव समाज
कार्यक्रम में यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि समाज की शक्ति उसकी संख्या में नहीं, बल्कि उसकी एकजुटता, संगठन, आपसी सहयोग और सामाजिक समरसता में है। विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों का एक मंच पर आना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यादव समाज रायपुर ने जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर संकल्प लिया कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता को मजबूत किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग एवं विकास के नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित यह विशाल बाइक रैली केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यादव समाज की सामाजिक एकता, समरसता और संगठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में यादगार रही।





















