

नेपाल में बाढ़ के बाद मरने वालों की संख्या 1295 हो गई है. वहीं पांच हज़ार से ज़्यादा लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं. भारतीय विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि नेपाल से अब तक 169 भारतीयों को बचाया जा चुका है. जिनमें तीन भारतीयों को गुरुवार को बचाया गया था. वहीं भारत के 275 लोग अभी लापता हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नेपाल बाढ़ के बाद भारत की ओर से पहुंचाई जा रही मदद के बारे में भी जानकारी दी है.

कहा, हम नेपाल सरकार की ज़रूरतों के हिसाब से मदद देना जारी रखेंगे. आने वाले दिनों में हमारी योजना और फ़ोरेंसिक किट, बेली ब्रिज और अन्य सामान भेजने की है, जिनकी मांग नेपाल सरकार ने की है.

रणधीर जायसवाल ने ये भी बताया कि कल हमारे दो भारतीय विमान 21 टन राहत सामग्री लेकर काठमांडू गए थे. अब तक, हमने सात विमानों से लगभग 95 टन राहत सामग्री पहुंचाई है l राहत सामग्री के अलावा, हमने नेपाल में राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए 54 लोगों को भी भेजा है. इसमें 30 टनल रेस्क्यू एक्सपर्ट, 19 फ़ॉरेंसिक एक्सपर्ट और पांच सदस्यों वाली मेडिकल टीम शामिल है. हमारी बचाव और फोरेंसिक टीमें ज़मीन पर तैनात हैं और वे नेपाल के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं.
उधर, चीन के अधिकारियों के मुताबिक़, शुक्रवार को तिब्बत से 155 नेपाली नागरिकों को भी बचाया गया है. इसमें 145 नेपाली नागरिक रसुवा के रहने वाले हैं.





















