



Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर- रायपुर जिला प्रशासन द्वारा राजधानी शहर रायपुर एवं छत्तीसगढ़ राज्य से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों, महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को दस्तावेजीकृत करने के उद्देश्य से ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ नाम से पॉडकास्ट शुरू करने की पहल की जा रही है।
आज इसी क्रम में पॉडकास्ट के शुभारंभ एवं इसकी रूपरेखा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम रायपुर मुख्यालय में आयोजित की गई।
बैठक रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री संबित मिश्रा की विशेष उपस्थिति और नगर निगम उपायुक्त डॉ. अंजली शर्मा सहित श्री राहुल कुमार सिंह, श्रीमती अनुराधा दुबे, श्रीमती अर्चना जैन, श्री असीम चंदेल तथा सुश्री निष्ठा जोशी की उपस्थिति रहीं।

बैठक में पॉडकास्ट की संकल्पना, विषय-वस्तु, प्रस्तुति शैली एवं संभावित अतिथियों पर चर्चा की गई। ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ के माध्यम से रायपुर एवं छत्तीसगढ़ की उन हस्तियों की जीवन यात्राओं, अनुभवों और योगदान को सामने लाया जाएगा, जो हमारे शहर एवं प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत का अमूल्य हिस्सा हैं। साथ ही रायपुर के विकास, कला-संस्कृति, नागरिक अनुभवों और शहर से जुड़ी अनसुनी कहानियों को भी संवाद के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
यह पॉडकास्ट नालंदा परिसर स्थित कला केंद्र के रिकॉर्डिंग स्टूडियो में रिकॉर्ड किया जाएगा। ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ का उद्देश्य एक ऐसा आधुनिक एवं प्रभावी डिजिटल मंच तैयार करना है, जो शहर और प्रदेश की विविध कहानियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लिए व्यवस्थित रूप से संरक्षित एवं दस्तावेजीकृत भी कर सके।





















