

Raipur chhattisgarh VISHESH / रायपुर, 2 सितंबर 2026 — राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड ऐंट्रप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) द्वारा छत्तीसगढ़ के INSPIRE–MANAK छात्र नवोन्मेषकों के लिए दो दिवसीय मेंटरशिप कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार, 2 सितंबर 2026 को किया गया। यह कार्यशाला राष्ट्रीय नवाचार फाउंडेशन (एनआईएफ) – इंडिया के प्रायोजन में आयोजित की जा रही है।
2 एवं 3 सितंबर को आयोजित इस कार्यशाला में अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए चयनित 40 विद्यार्थियों को परियोजना विकास, नवाचार और प्रभावी परियोजना प्रबंधन के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
उद्घाटन सत्र में डॉ. समीर बाजपेयी, निदेशक (प्रभारी), एनआईटी रायपुर ऐवं बोर्ड डायरेक्टर, एनआईटी रायपुर एफआईई; डॉ. विवेक कुमार, वैज्ञानिक एफ, एनआईएफ इंडिया; श्री सतीश माहेश्वरी, सहायक संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ऐवं सहायक राज्य नोडल अधिकारी, INSPIRE; डॉ. अनुज कुमार शुक्ला, फैकल्टी इंचार्ज, NITRRFIE; श्री पवन कटारिया, सहायक कुलसचिव, एनआईटी रायपुर ऐवं प्रभारी अधिकारी, NITRRFIE; डॉ. प्रज्ञा ऋतपर्णा, वरिष्ठ फेलो, एनआईएफ इंडिया; श्री राहुल प्रकाश, प्रिंसिपल एसोसिएट, एनआईएफ इंडिया; सुश्री मेधा सिंह, सीईओ, NITRRFIE तथा श्री सुनील देवांगन, प्रबंधक, NITRRFIE सहित संस्थान के संकाय सदस्य एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
अतिथियों के औपचारिक स्वागत के बाद डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत की लगातार बेहतर होती रैंकिंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए देश में नवाचार का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने इसमें युवाओं की केंद्रीय भूमिका पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से पारंपरिक शैक्षणिक उपलब्धियों से आगे बढ़कर उपलब्ध अवसरों का पूर्ण लाभ उठाने का आह्वान किया।
श्री सतीश माहेश्वरी ने सीमित संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को INSPIRE के अंतर्गत उपलब्ध मेंटरशिप एवं सहायता का विवेकपूर्ण उपयोग करने, अलग सोच विकसित करने, मौलिक विचारों पर कार्य करने तथा भारत के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एनआईएफ इंडिया के डॉ. विवेक कुमार ने युवा नवोन्मेषकों का स्वागत करते हुए उन्हें खुले मन से विशेषज्ञों से संवाद करने और रचनात्मक आलोचना को नवाचार में सुधार की स्वाभाविक एवं आवश्यक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने की सलाह दी। रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि INSPIRE कार्यक्रम की देशभर में व्यापक पहुंच है और इसके अंतर्गत लगभग 10 लाख विचार प्राप्त हुए हैं।
श्री पवन कटारिया ने बीस जिलों से आए चालीस छात्र नवप्रवर्तकों को एनआईटी रायपुर और इसके इनक्यूबेटर से परिचित कराया। नवाचार पर अपने व्याख्यान में उन्होंने इसे एक सरल समीकरण — विचार + क्रिया + मूल्य — के रूप में समझाया, और छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास की समस्याओं को खोजते रहें और उनके समाधान तैयार करें। उन्होंने याद दिलाया कि हर अनसुलझी समस्या एक अवसर है, जो उन्हीं जैसे किसी व्यक्ति की प्रतीक्षा कर रही है।
डॉ. समीर बाजपेयी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके माता-पिता के सहयोग की सराहना की। समाज की प्रगति के लिए नवाचार संबंधी डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक समस्याओं को उनकी मूल प्रकृति एवं वास्तविक कारणों के स्तर पर समझने का आह्वान किया। उन्होंने शोध-आधारित नवाचार की प्रमुख विशेषताएं बताते हुए कहा कि कोई भी नवाचार उपयोगकर्ता के लिए सरल, आर्थिक रूप से व्यवहार्य, पर्यावरण की दृष्टि से टिकाउ तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूप से स्वीकार्य होना चाहिए।
उद्घाटन कार्यक्रम उत्साहवर्धक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यशाला के शेष सत्रों में 40 छात्र नवोन्मेषक मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल एवं विज्ञान वर्ग के विशेषज्ञ पैनल के साथ डोमेन के अनुसार मेंटरिंग एवं ब्रेनस्टॉर्मिंग सत्रों में भाग लेंगे। दूसरे दिन उद्यमिता, डिज़ाइन थिंकिंग, प्रयोगशाला भ्रमण तथा सीख के दस्तावेजीकरण पर सत्र आयोजित होंगे। कार्यशाला का समापन 3 सितंबर को समापन सत्र के साथ होगा।
INSPIRE–MANAK के बारे में
INSPIRE–MANAK (मिलियन माइंड्स ओगमेंटिंग नेशनल ऐस्पिरेशन एंड नॉलेज) का संचालन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय नवाचार फाउंडेशन – इंडिया के सहयोग से किया जाता है। यह कार्यक्रम स्कूली विद्यार्थियों को रोजमर्रा की सामाजिक समस्याओं पर आधारित मौलिक विचार एवं नवाचार विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
NITRRFIE के बारे में
एनआईटी रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड ऐंट्रप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) संस्थान की नवाचार एवं इन्क्यूबेशन इकाई है, जो मेंटरिंग, प्रोटोटाइप सहायता एवं उद्यमिता विकास के माध्यम से छात्र एवं प्रारंभिक चरण के नवोन्मेषकों को सहयोग प्रदान करती है।






















