

प्लेट मिल के उत्पादन-प्रेषण में पांच नए रिकॉर्ड, यूनिवर्सल रेल मिल ने पहली बार भेजे 102 लॉन्ग रेल रेक
प्रविष्टि तिथि: 01 SEP 2026 6:41PM by PIB Raipur
भिलाई इस्पात संयंत्र की प्लेट मिल और यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) ने अगस्त 2026 में उत्पादन एवं प्रेषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्लेट मिल ने उत्पादन और प्रेषण में पांच नए रिकॉर्ड बनाए, जबकि यूनिवर्सल रेल मिल ने पहली बार एक माह में 100 से अधिक यूरोपीय यूनियन रेल (EUR) रेक यानी लॉन्ग रेल रेक का प्रेषण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। दोनों मिलों का प्रदर्शन परिचालन उत्कृष्टता, उच्च उत्पादकता, निरंतर सुधार और टीम भावना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

_20260901184551_900dc5.jpeg)
इन उपलब्धियों के अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्तरंजन महापात्र ने प्लेट मिल और यूनिवर्सल रेल मिल का दौरा कर दोनों विभागों के कार्मिकों को बधाई दी। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) ए.के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) प्रबीर कुमार सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस) कमल भास्कर तथा कार्यपालक निदेशक (रावघाट) अरुण कुमार उपस्थित रहे।
निदेशक प्रभारी और सभी कार्यपालक निदेशकों ने प्लेट मिल एवं यूनिवर्सल रेल मिल की पूरी टीम तथा संबद्ध विभागों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की प्रतिबद्धता, समर्पण और टीम भावना भिलाई इस्पात संयंत्र की उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता को नई ऊंचाई दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों मिल भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए संयंत्र की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

प्लेट मिल ने अगस्त में बनाए पांच नए रिकॉर्ड
प्लेट मिल ने अगस्त 2026 में 1,25,214 टन का सर्वश्रेष्ठ अगस्त उत्पादन दर्ज किया। इसने अगस्त 2025 में दर्ज 1,20,448 टन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मिल ने प्रत्यक्ष प्रेषण में 85,101 टन, हाई टेंसाइल प्रेषण में 40,050 टन तथा दैनिक सड़क प्रेषण में 1,699 टन और 52 ट्रॉलियों का नया रिकॉर्ड बनाया। अगस्त माह में प्लेट मिल का कुल प्रेषण भी 1,28,159 टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
यूनिवर्सल रेल मिल ने पहली बार भेजे 100 से अधिक लॉन्ग रेल रेक
यूनिवर्सल रेल मिल ने अगस्त 2026 में 260 मीटर रेल पैनल के 102 यूरोपीय यूनियन रेल (EUR) रेक का प्रेषण किया। इसके साथ ही मिल ने पहली बार एक माह में 100 से अधिक लॉन्ग रेल रेक के प्रेषण का आंकड़ा पार किया। इससे पहले यूनिवर्सल रेल मिल का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन जून और जुलाई 2026 में 94 यूरोपीय यूनियन रेल रेक का था।
उल्लेखनीय है कि यूनिवर्सल रेल मिल ने मई 2026 से लगातार चौथे माह निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्राइम उत्पादन किया है। लगातार चार माह निर्धारित क्षमता के अनुरूप उत्पादन के बाद 100 से अधिक लॉन्ग रेल रेक का प्रेषण मिल की परिचालन स्थिरता, बढ़ी हुई उत्पादन क्षमता और प्रभावी ग्राहक प्रेषण प्रणाली को दर्शाता है।
लॉन्ग रेल के कुल प्रेषण में भी भिलाई इस्पात संयंत्र ने सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है। अगस्त 2026 में संयंत्र से कुल 119 यूरोपीय यूनियन रेल रेक का प्रेषण हुआ, जो जून 2026 में दर्ज 111 रेक के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से अधिक है। यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि भिलाई इस्पात संयंत्र पूर्व में रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल तथा यूनिवर्सल रेल मिल को मिलाकर लगभग 100 लॉन्ग रेल रेक के प्रेषण स्तर तक पहुंचता रहा है। अब केवल यूनिवर्सल रेल मिल से ही एक माह में 100 से अधिक लॉन्ग रेल रेक का प्रेषण मिल की उत्पादन एवं प्रेषण क्षमता में हुए महत्वपूर्ण सुधार तथा परिचालन दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।
प्लेट मिल और यूनिवर्सल रेल मिल की ये उपलब्धियां उच्च उत्पादकता, परिचालन उत्कृष्टता, कम रूपांतरण लागत, उच्च मूल्यवर्धित उत्पादों, सुरक्षा, डिजिटलीकरण और स्वचालन की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करती हैं। दोनों मिलों के बेहतर उत्पादन और प्रभावी प्रेषण प्रदर्शन से सेल के महत्वाकांक्षी ‘मिशन 10K करोड़ प्री-टैक्स प्रॉफिट’ (PBT) लक्ष्य की दिशा में भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान को भी बल मिला है।
******
आरडीजे/बीकेटी/आरएस





















