




Raipur chhattisgarh VISHESH / *रायपुर – प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम रायपुर, कला केंद्र रायपुर एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 – गुरु वंदन उत्सव” के दूसरे दिन भी प्रतिभागियों एवं अभिभावकों का उत्साह देखने को मिला।
शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस विशेष आयोजन के दूसरे दिन भी गायन एवं नृत्य विधाओं के लिए ऑडिशन आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।
आयोजन समिति के अनुसार दो दिनों में अब तक 150 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन दर्ज किया जा चुका है। प्रतिभागियों ने देशभक्ति, भक्ति एवं बॉलीवुड थीम पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मंच पर उभरती प्रतिभाओं की ऊर्जा और समर्पण ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

ऑडिशन के दौरान अभिभावकों एवं दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे आयोजन स्थल पर लगातार सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण बना रहा। प्रतिभागियों की प्रस्तुति शैली, अभिव्यक्ति, मंच संचालन क्षमता एवं कलात्मक कौशल ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में पद्मश्री भारती बंधु, राजू शर्मा, राहुल ठाकुर एवं संतोष चंद्राकर ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन भी प्रदान किया।
आयोजन समिति ने बताया कि ऑडिशन के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों को आगामी 3 सितंबर 2026 को शहीद स्मारक भवन, रायपुर में आयोजित होने वाले भव्य गुरु वंदन उत्सव ग्रैंड फिनाले में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम शाम 4:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें चयनित प्रतिभागी अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रैंड फिनाले में प्रदेश की उत्कृष्ट प्रतिभाएं अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाएंगी। साथ ही आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए ग्रैंड फिनाले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने की अपील की।





















