


Raipur chhattisgarh VISHESH युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 के अवसर पर दिनांक 25 जनवरी 2026 को राज्य स्तर पर एक भव्य मतदाता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं नागरिकों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाना तथा अधिकाधिक युवाओं को सक्रिय लोकतांत्रिक सहभागिता हेतु प्रेरित करना है। यह रैली इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर से प्रारम्भ होगी, जिसमें युवाओं, माय भारत स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं तथा जनसामान्य की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अपील की जा रही है।
इस अवसर पर श्री अर्पित तिवारी, उप निदेशक, माय भारत, रायपुर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी का उत्सव है, और एक सशक्त राष्ट्र की नींव तभी मजबूत होती है जब प्रत्येक युवा नागरिक जागरूक होकर निर्भीक, निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान करता है। उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम युवाओं से आग्रह किया कि वे 25 जनवरी 2026 को अधिक से अधिक संख्या में रैली में सम्मिलित होकर “माय भारत – माय वोट” का संदेश जन-जन तक पहुँचाएँ तथा लोकतांत्रिक सहभागिता को जनआंदोलन का रूप दें। साथ ही उन्होंने युवाओं से यह भी अपील की कि वे MY Bharat Portal पर स्वयं को पंजीकृत (रजिस्टर) कर माय भारत के साथ सक्रिय रूप से जुड़ें, ताकि देश निर्माण से जुड़ी विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों में सहभागिता कर सकें।

माय भारत, रायपुर द्वारा राज्य के समस्त युवा संगठनों, शिक्षण संस्थानों, इकाइयों, स्वयंसेवी समूहों एवं नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस रैली में सहभागिता कर राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 को ऐतिहासिक एवं प्रभावशाली बनाएं।








