
Raipur chhattisgarh VISHESH बस्तर में पदस्थ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि “छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के अंतर्राज्यीय सीमा में कर्रेगुट्टालू नामक पहाड़ी और आस पास के जंगलों में केंद्रित ऑपरेशन संकल्प के तहत अब तक 26 नक्सली मारे जा चुके हैं. ये ऑपरेशन 21 अप्रैल से जारी है.”
इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा , “बीजापुर ज़िले के कर्रेगुटा पहाड़ी में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में हमारे सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. मुठभेड़ में अब तक 22 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है.” “लाल आतंक के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को शत-शत नमन करता हूं.”

केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों का ऐसा आकलन है कि कर्रेगुट्टालू की पहाड़ियों, घाटियों और गुफाओं में बड़ी संख्या में माओवादी छिपे हुए हैं. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 450 किलोमीटर दूर कर्रेगुट्टालू में चल रहे ऑपरेशन को सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के खिलाफ एक “निर्णायक” ऑपरेशन बताया जा रहा है.
इस ऑपरेशन की योजना माओवादियों के सबसे प्रभावशाली गुटों जैसे बटालियन नंबर 1, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी और तेलंगाना राज्य समिति के शीर्ष कैडरों की मौजूदगी के ख़ुफ़िया इनपुट के आधार पर बनाई गई थी.





















