

- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन, वर्षभर के नवाचारों, जनभागीदारी और स्वच्छता अभियानों को मिली राष्ट्रीय पहचान
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण में उत्कृष्ट कार्यों एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए रायपुर शहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। दिनांक 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होने वाले भव्य सम्मान समारोह में भारत गणराज्य की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के करकमलों से रायपुर को सम्मान प्राप्त होगा।
इस समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले देश के विभिन्न शहरों को सम्मानित किया जाएगा.

रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा पूरे वर्ष स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पर्यावरण संरक्षण, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं जनभागीदारी बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य एवं नवाचार किए गए। इन प्रयासों का उद्देश्य स्वच्छता को केवल नियमित सफाई व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए इसे नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी और जनआंदोलन बनाना रहा है।
कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण, शहर में नहीं है कोई खुले डंपिंग स्थल
रायपुर शहर से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक पद्धति से प्रसंस्करण सकरी स्थित इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (आईएसडब्ल्यूएम) फैसिलिटी में किया जाता है। इस व्यवस्थित प्रबंधन के परिणामस्वरूप शहर में कचरे के लिए कोई खुला डंपिंग स्थल नहीं है। गीले कचरे का प्रसंस्करण कर जैविक खाद तैयार की जाती है, जिसे फर्टिलाइजर कंपनियों को विक्रय किया जाता है। इससे नगर निगम को राजस्व प्राप्त होने के साथ जैविक संसाधनों का पुनः उपयोग सुनिश्चित होता है। वहीं, सूखे कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर रिसाइक्लिंग के लिए भेजा जाता है, जिससे कचरे को दोबारा उपयोगी संसाधन में परिवर्तित किया जा रहा है।
*206 एमएलडी क्षमता के एसटीपी से गंदे पानी का शुद्धिकरण, उद्योगों में हो रहा पुनः उपयोग
शहर से निकलने वाले सीवरेज के वैज्ञानिक उपचार के लिए कुल 206 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी ) संचालित हैं। इन संयंत्रों में अपशिष्ट जल का शुद्धिकरण कर उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। शुद्ध किए गए जल का उपयोग औद्योगिक गतिविधियों में किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लगभग 3 एमएलडी सेकेंडरी ट्रीटेड जल को टर्शियरी ट्रीटमेंट के माध्यम से और उच्च स्तर पर शुद्ध करने की व्यवस्था भी की जा रही है। इस पहल से जल संरक्षण, ताजे पानी की मांग में कमी तथा सतत जल प्रबंधन को बढ़ावा मिल रहा है।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण को प्राथमिकता
नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके अंतर्गत उनका प्रतिमाह स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है तथा कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके साथ ही नमस्ते योजना के अंतर्गत सफाई मित्रों का कौशल प्रशिक्षण, सुरक्षा संबंधी जागरूकता एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान एवं सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण को स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
आईसीटी आधारित निगरानी प्रणाली से हाईटेक होगी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था
घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए नगर निगम द्वारा आईसीटी आधारित डिजिटल निगरानी प्रणाली लागू की जा रही है। सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए इंदौर में सफाई निगरानी का सफल कार्य कर रही विशेषज्ञ एजेंसी की सेवाएं ली जा रही हैं। इसके अंतर्गत अब तक लगभग 50 से 60 कचरा संग्रहण वाहनों के रूट डिजिटाइज किए जा चुके हैं।
इस प्रणाली में डिजिटल रूट मॉनिटरिंग के साथ रेड फ्लैग अलर्ट की व्यवस्था विकसित की जा रही है। यदि कोई कचरा संग्रहण वाहन निर्धारित रूट से भटकता है, 30 मिनट से अधिक विलंब करता है अथवा किसी स्थान पर बिना उचित कारण 15 से 20 मिनट तक खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में स्वतः रेड फ्लैग अलर्ट जारी होगा। इससे वाहनों की वास्तविक समय में निगरानी, निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
सीसीटीवी कैमरों से होगी गंदगी फैलाने वालों की निगरानी
शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर गंदगी फैलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से ऐसे स्थानों की निरंतर निगरानी की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना एवं नागरिकों में स्वच्छ व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।
रायपुर नगर पालिक निगम की सभी पहलें यह दर्शाती हैं कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, सफाई मित्रों के कल्याण एवं जनभागीदारी के समन्वय से सुदृढ़ किया जा रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मिलने वाला यह राष्ट्रीय सम्मान रायपुर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों और वर्षभर की मेहनत का गौरवपूर्ण परिणाम होगा। यह उपलब्धि स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल रायपुर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।








