
लोकसभा में राहुल के ‘हिंदू’ वाले बयान पर हंगामा, पीएम मोदी ने कहा- ‘ये गंभीर विषय है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर सदन में खड़े होकर आपत्ति दर्ज की.उन्होंने कहा, “विषय बहुत गंभीर है, पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना ये गंभीर विषय है.”


संसद सत्र के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘हिंदू’ वाले बयान पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आ रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा , “हम मानते थे कि नेता प्रतिपक्ष होने के बाद राहुल गांधी परिपक्व होंगे, लेकिन मुझे खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि उनका बयान बचकाने से उभर नहीं पाया है. एक अपरिपक्व व्यक्ति ही ऐसी बात करेगा.”
उन्होंने कहा, “हिंदू भारत का मूल समाज है, भारत की आत्मा है.”
उन्होंने कहा, हिंदू कोई जाति सूचक या साम्प्रदायिक सूचक शब्द नहीं है, मत और पंथ से अलग भारत की मूल आत्मा है. हिंदू धर्म के बारे में राहुल गांधी की टिप्पणी सत्य से परे भारत की मूल आत्मा को लहूलुहान करने जैसी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा , कांग्रेस के मन में हिंदू विरोधी मानसिकता अभी भी है और यह फिर से साबित हुआ है. हिंदू धर्म के ख़िलाफ़ कितनी नफ़रत उनके मन में है यह पूरी दुनिया के सामने यह सिद्ध हो गया है.

राहुल गांधी ने क्या कहा था
सोमवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद सत्र में अपने एक वक्तव्य में भगवान शिव का ज़िक्र करते हुए बीजेपी पर लगातार हिंसा और नफ़रत फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, शिवजी कहते हैं कि डरो मत डराओ मत, अभय मुद्रा दिखाते हैं और त्रिशूल को ज़मीन में गाड़ देते हैं. इसके बाद सत्ता पक्ष की इशारा करते हुए राहुल गांधी ने कहा, जो लोग खुद को हिंदू कहते हैं, वो 24 घंटे हिंसा और नफ़रत की, असत्य की बात करते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर सदन में खड़े होकर आपत्ति दर्ज की. उन्होंने कहा, विषय बहुत गंभीर है, पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना ये गंभीर विषय है
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, “राहुल गांधी और कांग्रेस डिप्रेशन में हैं. उन्होंने पूरी तरह झूठ बोला है. हमें राहुल गांधी से सहानुभूति होनी चाहिए क्योंकि बीते 20 सालों से वो प्रधानमंत्री बनना चाहते थे लेकिन जनता ने मौका नहीं दिया.”
कांग्रेस एम.पी.के.सी वेणुगोपाल ने कहा, राहुल गांधी ने बताया कि असली हिंदू कौन है. उन्होंने बताया है कि बीजेपी प्रायोजित हिंदू अलग हैं. वे केवल चुनावों में ध्रुवीकरण के लिए हिंदुओं का इस्तेमाल करते हैं.
राहुल गांधी ने अपने भाषण के बीच भगवान शिव की तस्वीर दिखाई, जिसके बाद स्पीकर ओम बिड़ला ने उन्हें रोका.ईसके बाद स्पीकर और विपक्षी सदस्यों में नोकझोंक शुरू हो गई. राहुल गांधी ने कहा कि क्या वो यह तस्वीर नहीं दिखा सकते हैं. इस पर स्पीकर ओम बिड़ला ने संसदीय कार्यवाही के नियमावली का हवाला दिया और कहा कि नियमों के मुताबिक संसद में किसी प्लेकार्ड या तस्वीर को नहीं दिखाया जा सकता है.
राहुल गांधी ने कहा, क्या इस सदन में शिव भगवान की तस्वीर दिखाना मना है. हमें शिवजी से प्रोटेक्शन मिली और यही बात चित्र दिखाकर समझाना चाहता हूं, लेकिन आप इसे दिखाने नहीं दे रहे. राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास और कई चित्र हैं, जिन्हें वो दिखाना चाहते हैं.








