

*आगामी शैक्षणिक सत्र से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश*
*कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ली बैठक*

Report manpreet singh
Raipur chhattisgarh VISHESH गौरेला पेंड्रा मरवाही, 20 मई 2024/कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा 2024 में जिले में परीक्षा परिणाम कमजोर होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए आगामी शैक्षणिक सत्र से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कलेक्ट्रेट के अरपा सभाकक्ष में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आगामी 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव प्रारंभ होने से पहले स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मरम्मत योग्य स्कूलों की मरम्मत कराने, निर्माणाधीन स्कूल भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने और शाला परिसर में स्थित जर्जर शासकीय भवनों को डिस्मेंटल कराने कहा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को एकल शिक्षकीय स्कूलों एवं शिक्षकों की ज्यादा संख्या वाले स्कूलों की जानकारी देने कहा, ताकि उन स्कूलों में आवश्यकता अनुसार शिक्षकों की पूर्ति की जा सके। उन्होंने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा के प्राचार्य से कहा कि शिक्षकों को प्रशिक्षण मिलने के बाद कार्यक्षेत्र में क्रियान्वयन भी बेहतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही-कोताही नहीं होनी चाहिए, यदि कोई शिक्षक बिना कारण के स्कूलों से अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेजें।
कलेक्टर ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों का सतत रूप से निरीक्षण करने, स्कूलों के खुलने तथा बंद होने के लिए निर्धारित समय में शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी लेने, सिलेबस के अनुसार अध्यापन कराने, गुणवत्ता पूर्ण, मध्यान्ह, भोजन आदि की जांच नियमित रूप से करने के लिए अभी से कार्य योजना तैयार कर लेने कहा। बैठक में संयुक्त कलेक्टर प्रिया गोयल, जिला शिक्षा अधिकारी जे के शास्त्री, प्राचार्य डाइट पेंड्रा जे पी पुष्प, एपीओ समग्र शिक्षा लखन लाल जाटवर, सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड स्रोत समन्वयक उपस्थित थे।








