
खोड़गांव, भैया साल्हेभाट और अंतागढ़ में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम संपन्न
प्रविष्टि तिथि: 18 NOV 2026 5:59PM
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के रावघाट खदान द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय ‘जनजातीय गौरव दिवस समारोह’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक विरासत तथा देश के स्वतंत्रता संग्राम में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करना एवं सम्मानित करना था। इस तीन दिवसीय समारोह के तहत ग्राम खोड़गांव, ग्राम भैया साल्हेभाट और डीएवी स्कूल, अंतागढ़ में विभिन्न आकर्षक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई।
इस तीन दिवसीय आयोजन की शुरुआत ग्राम खोड़गांव में हुए कार्यक्रमों से हुई। इसके पश्चात ग्राम भैया साल्हेभाट में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद सदस्य सुश्री धनेश्वरी भट्टी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम के सरपंच श्री प्यारे लाल उसेंडी ने गरिमाममय उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर श्री सोमनाथ उसेंडी, श्री सुंदरू कुमेटी और श्री बंशीलाल दुग्गा सहित आसपास के 37 गांवों के गायता, पटेल, पुजारी, सरपंचगण, बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली बच्चे तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी व कर्मचारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत और जनजातीय लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। रावघाट खदान के उप महाप्रबंधक डॉ. यशवंत कुमार साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया। मुख्य अतिथि सुश्री धनेश्वरी भट्टी ने इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने चाहिए। रावघाट खदान के सहायक महाप्रबंधक श्री उपेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए दिए गए उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस गरिमाममय अवसर पर 37 गांवों से पधारे पारंपरिक ग्राम प्रमुखों तथा रावघाट खदान में सेवारत जनजातीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में रावघाट खदान के उप महाप्रबंधक श्री सचिन रंगारी ने आभार व्यक्त किया, जबकि श्रम कल्याण अधिकारी श्री दौलतराम पोयाम ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।
_20261118180243_226816.jpeg)
इस तीन दिवसीय आयोजन की अंतिम कड़ी के रूप में डीएवी स्कूल, अंतागढ़ में एक भव्य समारोह संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय विधायक श्री विक्रम उसेंडी मुख्य अतिथि और नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष श्री राधेलाल नाग विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आरंभ छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत, दीप प्रज्वलन और बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री जी.के. साहू ने स्वागत उद्बोधन दिया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित गीत-संगीत व नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि एवं विधायक श्री विक्रम उसेंडी ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस विद्यालय के संचालन और क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए किए जा रहे सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष श्री राधेलाल नाग और भिलाई इस्पात संयंत्र के सहायक महाप्रबंधक श्री उपेंद्र कुमार सिंह ने भी जनजातीय संस्कृति, अस्मिता और परंपराओं के संरक्षण के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर अतिथियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा संयंत्र में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र के रावघाट खदान द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय समारोह ने जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, पारंपरिक नेतृत्व और लोक संस्कृति को सम्मान देने के साथ-साथ क्षेत्र की सामाजिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को एक नया प्रोत्साहन प्रदान किया है।







