
जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया की दी गई जानकारी
पेंशनभोगियों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा, निर्बाध पेंशन भुगतान सुनिश्चित करना अभियान का उद्देश्य
प्रविष्टि तिथि: 19 NOV 2026 5:53PM by PIB Raipur
राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) अभियान 5.0 के तहत कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर द्वारा गुरुवार को रायगढ़ स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के महाप्रबंधक कार्यालय में दूरसंचार पेंशनभोगियों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में पेंशनभोगियों को समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के महत्व और जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस डिजिटल सुविधा के जरिए पेंशनभोगी पेंशन कार्यालय जाए बिना घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक आवागमन और औपचारिकताओं से राहत मिलती है।

शिविर के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित दूरसंचार पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने में सहायता प्रदान की और उन्हें इस सुविधा का प्रत्यक्ष लाभ दिलाया। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाना, पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं को सरल एवं सुविधाजनक करना तथा पेंशन का समयबद्ध और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है।







