

कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे होंगे विशिष्ट अतिथि; कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को किया जाएगा सम्मानित
रायपुर, 31 अक्टूबर 2026: कोयला मंत्रालय द्वारा 2 नवंबर 2026 को रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में कोयला एवं लिग्नाइट खदानों के लिए स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा।

कोयला खनिकों के साहस, परिश्रम एवं समर्पण को समर्पित इस समारोह में स्टार रेटिंग प्रणाली के अंतर्गत कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों की उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं स्वागत के साथ होगा। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में कोयला नियंत्रक, अपर सचिव (कोयला), राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे तथा केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) विषय पर हैकाथॉन का भी आयोजन किया जाएगा। इसके बाद स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित होगा, जिसमें स्टार रेटिंग पहल पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा तथा पांच सितारा रेटिंग प्राप्त कोयला एवं लिग्नाइट खदानों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस पहल का उद्देश्य बेहतर खनन प्रथाओं को प्रोत्साहित करना, खनन क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना तथा देशभर की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों की उपलब्धियों को मान्यता प्रदान करना है।








