

दोनों आंखों में मोतियाबिंद से खो गई थी दृष्टि, सफल ऑपरेशन के बाद अब खुद संभाल रहे घर और खेती के काम
समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार से बदली 68 वर्षीय सोमारू राम की जिंदगी

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026
कभी आंखों की रोशनी खो देने के कारण दूसरों के सहारे जीवन बिताने वाले 68 वर्षीय सोमारू राम आज न केवल अपने पैरों पर चल रहे हैं, बल्कि घर बनाने और खेती-किसानी के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। यह सकारात्मक बदलाव संभव हुआ है मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से, जिसके अंतर्गत समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार मिलने से उनकी आंखों की रोशनी वापस लौट आई है।
बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छापरभानपुरी निवासी सोमारू राम दोनों आंखों में मोतियाबिंद के कारण दृष्टि खो चुके थे। स्थिति इतनी गंभीर थी कि वे बिना लाठी के चल भी नहीं पाते थे। रोजमर्रा के छोटे-छोटे कार्यों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। आंखों की रोशनी चले जाने से उनका आत्मविश्वास भी प्रभावित हुआ था।
*मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान बना नई उम्मीद का आधार*
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छापरभानपुरी में पदस्थ ऑप्थैल्मिक असिस्टेंट ऑफिसर श्री सुदीप प्रमाणिक ने सोमारू राम की आंखों की जांच की। जांच में दोनों आंखों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें ऑपरेशन के लिए आवश्यक परामर्श दिया और रेफरल प्रक्रिया पूरी कराकर उनका सफल उपचार सुनिश्चित किया।
ऑपरेशन के बाद सोमारू राम की आंखों की रोशनी लौट आई और उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया। अब वे बिना लाठी और किसी सहारे के चल-फिर सकते हैं। दैनिक कार्य स्वयं करने के साथ ही वे अपने परिवार के लिए घर निर्माण और खेती-किसानी के कार्यों में भी सहयोग कर रहे हैं। दूसरों पर निर्भर रहने वाले सोमारू राम के लिए यह बदलाव आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई शुरुआत बन गया है।
*सोमारू राम बोले- आंखों की रोशनी के साथ लौटी जीने की खुशी*
अपने जीवन में आए इस बदलाव से खुश सोमारू राम बताते हैं कि पहले उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं देता था। हर छोटे-बड़े काम के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ती थी। अब वे स्वयं चल-फिर सकते हैं और अपने काम कर पा रहे हैं। उन्होंने सफल उपचार के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सोमारू राम की कहानी दर्शाती है कि समय पर बीमारी की पहचान और समुचित उपचार से न केवल स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दूर होती हैं, बल्कि व्यक्ति का आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता भी लौट सकती है।








