














केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह,सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएँ; हजारों लोगों ने जनमोत्सव में की सहभागिता
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों ने दी शुभकामनायें

बिलासपुर/रतनपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू के जन्मदिन पर रतनपुर से भरनी-परसदा तक उत्सव का माहौल देखने को मिला। देशभर से बधाइयों और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत छत्तीसगढ़ की पहली परियोजना का भूमिपूजन
जन्मदिन के अवसर पर श्री तोखन साहू ने रतनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत डेमोंस्ट्रेशन हाउसिंग प्रोजेक्ट का ₹864.66 लाख अर्थात ₹8 करोड़ 64 लाख 66 हजार की लागत से भूमिपूजन किया। इसे छत्तीसगढ़ की पहली ऐसी परियोजना बताया गया। इस अवसर पर श्री साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आवासहीन परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने तथा शहरी गरीबों के जीवन स्तर में सुधार के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
रात्रि से शुरू हुआ स्वागत, रतनपुर से भरनी-परसदा तक उमड़ा जनसैलाब
श्री साहू के जन्मदिन पर स्वागत और शुभकामनाओं का सिलसिला एक दिन पहले रात्रि से ही शुरू हो गया था। हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने पुष्पमालाओं, गुलदस्तों एवं विभिन्न आत्मीय आयोजनों के माध्यम से उनका स्वागत किया। यह उत्साह अगले दिन भी जारी रहा। रतनपुर से भरनी-परसदा तक जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत कर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
समर्थकों ने श्री साहू की उपलब्धियों को केक के माध्यम से प्रदर्शित किया। कहीं दीपों से सजी थालियों के साथ स्वागत हुआ, तो कहीं बैंड-बाजे, जेसीबी से पुष्पहार पहनाकर और लड्डुओं से तुलादान कर उत्सव मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जन्मदिन पर 20 यूनिट रक्तदान, सिम्स अस्पताल को किया समर्पित
जन्मदिन के अवसर को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए 20 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसे सिम्स अस्पताल को उपलब्ध कराया गया। इस पहल ने जनमोत्सव को सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश देने वाला स्वरूप प्रदान किया।
भरनी-परसदा में विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह के नेतृत्व में भव्य जनमोत्सव
तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धर्मजीत सिंह के नेतृत्व में भरनी-परसदा में भव्य जनमोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बधाई एवं शुभकामनाएँ देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुँचे। हजारों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में कलाकार श्री अनुराग शर्मा की सांस्कृतिक प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं, नया रायपुर के रेत कलाकार श्री हेमचंद साहू ने रेत से श्री तोखन साहू की आकर्षक रंगोली उकेरी, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया सेलिब्रिटी ईशिता विश्वकर्मा ने राम आयेँग और देशभक्ति गीत की प्रस्तुति की
पिता का आशीर्वाद लेकर माँ महामाया के दरबार पहुँचे श्री साहू
जन्मदिन की शुरुआत श्री तोखन साहू ने अपने पूज्य पिता श्री बलदाऊ साहू का आशीर्वाद लेकर की। इसके पश्चात वे सपरिवार रतनपुर स्थित माँ महामाया मंदिर पहुँचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
श्री साहू ने जन्मदिन पर प्राप्त स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा जनसेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।








