

बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण’ होगी इस वर्ष की थीम, किफायती और स्वच्छ ऊर्जा पर रहेगा विशेष फोकस
प्रविष्टि तिथि: 12 OCT 2026 6:36PM
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), रायपुर शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर 14 अक्टूबर को रायपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम होटल कोर्टयार्ड मैरियट, लाभांडी रोड में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम ‘बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण’ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-07 (एसडीजी-07) के तहत किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता, ऊर्जा दक्षता और गुणवत्ता मानकों की उपयोगिता पर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही, सतत विकास को गति देने तथा ऊर्जा के प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करने में मानकीकरण की भूमिका पर भी विचार-विमर्श होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में गुणवत्ता मानकों के महत्व को रेखांकित करने के साथ मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। विश्व मानक दिवस के माध्यम से उद्योग, उपभोक्ताओं और संबंधित हितधारकों के बीच मानकों की उपयोगिता तथा सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ उत्पादों एवं सेवाओं को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका को सामने लाया जाएगा।
*****








