

प्रशासनिक कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की हुई समीक्षा
प्रविष्टि तिथि: 09 OCT 2026 6:19PM by PIB Raipur
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) द्वारा श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा विस्तार, नीतिगत सुधारों के धरातलीय क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकों और उच्चस्तरीय विचार-विमर्श का आयोजन किया गया। आंचलिक कार्यालय भोपाल के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त श्री शिखर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों के तहत बिलासपुर, धमतरी तथा रायपुर में फील्ड-स्तरीय गतिविधियों के साथ-साथ शासन स्तर पर समन्वय स्थापित किया गया।


बिलासपुर (07 अक्टूबर) और धमतरी के मेनोनाइट स्कूल (08 अक्टूबर) में ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ (PM-VBRY) के अंतर्गत वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इन सत्रों में नियोक्ताओं तथा कामगारों के साथ सीधी चर्चा करते हुए ईपीएफओ की प्रमुख पहलों—जैसे ‘विश्वास’ (एमनेस्टी स्कीम), ‘कर्मचारी नामांकन योजना (EEC) 2025’ और PM-VBRY—के तकनीकी पहलुओं तथा लाभों को साझा किया गया। सम्मेलनों में इस ऐतिहासिक संशोधन को भी रेखांकित किया गया कि 17 सितम्बर 2026 से पीएफ अंशदान कटौती हेतु वेतन सीमा ₹15,000/- से बढ़ाकर ₹25,000/- कर दी गई है, जिससे राज्य के लाखों कर्मचारियों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया जा रहा है।

क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में आयोजित सघन प्रशासनिक समीक्षा बैठक में डिजिटल सेवाओं एवं पेंशन संवितरण व्यवस्था को गति देने पर विचार-मंथन हुआ। बैठक में ‘तत्पर पोर्टल 2.0’, PM-VBRY के क्रियान्वयन तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर लाभ देने वाली ‘प्रयास’ पहल की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के प्रभारी अधिकारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 श्री जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 श्री दासरथी नाग तथा क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 श्री गौरव डोगरा उपस्थित रहे। इसके साथ ही कार्यालय में ‘राजभाषा पखवाड़ा’ के समापन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
समीक्षा गतिविधियों के क्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री माननीय श्री लखन लाल देवांगन के साथ एक महत्वपूर्ण सौजन्य बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान संगठन के नवीनतम नीतिगत सुधारों, श्रमिकों के पंजीकरण अभियान तथा राज्य में सामाजिक सुरक्षा कवरेज को विस्तार देने के उपायों पर चर्चा की गई। साथ ही, 19 जून 2026 को आयोजित ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के सफल आयोजन के लिए आभार प्रकट करते हुए भविष्य में भी श्रमिक कल्याणकारी पहलों के प्रभावी संचालन हेतु श्रम विभाग और ईपीएफओ के बीच निरंतर समन्वय पर बल दिया गया।





















