

प्रधानमंत्री आवास योजना से वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा
रायपुर, 20 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सेवा की नई कहानी लिख रही हैं। रामानुजनगर जिला सूरजपुर निवासी श्रीमती मधु जायसवाल के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मिला पक्का घर वर्षों के इंतजार के बाद साकार हुआ सपना है। नए आशियाने में भगवान गणेश की स्थापना के साथ परिवार की खुशियों को नया अर्थ मिला है।
कभी कच्चे मकान में रहने वाले श्रीमती मधु जायसवाल के परिवार के लिए बारिश का मौसम चिंता लेकर आता था। टपकती छत, घर में भरता पानी और घरेलू सामान को सुरक्षित रखने की चुनौती के बीच परिवार हर मौसम कठिनाइयों से गुजरता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना वर्षों तक उनके लिए एक अधूरा सपना बना रहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद परिवार के जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई। शासन से मिली सहायता से उनका पक्का घर तैयार हुआ और परिवार को कच्चे मकान की परेशानियों से स्थायी राहत मिली। अब परिवार अपने सुरक्षित और सुविधाजनक आशियाने में सुकून के साथ जीवन बिता रहा है।
नए घर में प्रवेश के साथ परिवार ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की। श्रीमती मधु के लिए यह पल केवल पूजा-अर्चना का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिली सुरक्षा, सम्मान और खुशियों की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया। गणेश स्थापना के साथ परिवार ने अपने नए घर में सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रीमती मधु जायसवाल ने कहा कि पक्का घर उनके परिवार के लिए बहुत बड़ी खुशी है। वर्षों से जिस सुरक्षित आशियाने का सपना देखा था, वह आज पूरा हो गया है। अब बारिश में छत टपकने और घर में पानी भरने की चिंता नहीं रहती। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित भविष्य की नई उम्मीद दी है।
श्रीमती मधु की यह कहानी बताती है कि सेवा संकल्प केवल सेवा का संकल्प नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार करने का माध्यम भी है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जब पात्र परिवारों तक पहुंचता है, तो पक्की दीवारों के साथ उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशियों की मजबूत नींव भी तैयार होती है।
क्रमांक-8330/दानेश्वरी





















