





युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : तोखन साहू
Raipur chhattisgarh VISHESH / केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, साइंस कॉलेज परिसर, रायपुर में आयोजित 20वें रोजगार मेले में नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के नव-नियुक्त युवाओं को संबोधित किया। 20वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 45 स्थानों पर 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विभिन्न केंद्रीय विभागों एवं सरकारी संगठनों में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या लगभग 12.75 लाख हो गई है।

श्री साहू ने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने नव-नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र सेवा की जिम्मेदारी का अवसर है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मिशन मोड में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी संगठनों में युवाओं को नियुक्तियां दी जा रही हैं।
रायपुर में आयोजित रोजगार मेले में आयकर विभाग, डाक विभाग, रेलवे, भारतीय सर्वेक्षण विभाग, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, गृह मंत्रालय, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और AIIMS रायपुर सहित विभिन्न संस्थानों से कुल 215 नव-नियुक्त युवा शामिल हुए। इनमें 125 अभ्यर्थी कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि 90 अभ्यर्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
श्री साहू ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी रोजगार तक सीमित न रहकर स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक के अवसरों का भी लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, पीएम विश्वकर्मा और पीएम स्वनिधि जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों के माध्यम से युवाओं, उद्यमियों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने नव-नियुक्त युवाओं से कहा कि वे अपने कार्यस्थल पर ईमानदारी, संवेदनशीलता, कार्यकुशलता और नई तकनीक का उपयोग करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का वास्तविक उद्देश्य जनकल्याण है और प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि उसकी कार्यशैली से आम नागरिक को सुगम और प्रभावी सेवा मिले।
उन्होंने कहा कि सेवा, कर्तव्य और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करते हुए युवा विकसित भारत के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।





















