

वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम 2026 में बीएसपी ने प्रदर्शित की पर्यावरणीय एवं संसाधन-कुशल पहलें
पॉलीक्लोरीनेटेड बाइफिनाइल उपचार संयंत्र का मॉडल बना प्रमुख आकर्षण, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने दिखाई विशेष रुचि
प्रविष्टि तिथि: 16 SEP 2026 5:58PM
भिलाई इस्पात संयंत्र ने 15 और 16 सितंबर को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF) 2026 में अपनी अभिनव सर्कुलर इकोनॉमी पहलों का प्रदर्शन किया। भारत में पहली बार आयोजित इस वैश्विक फोरम में नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, नवोन्मेषकों और अन्य हितधारकों ने संसाधनों के सतत एवं कुशल उपयोग तथा सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।

15 सितंबर को गुजरात के मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने फोरम का उद्घाटन किया। दो दिवसीय आयोजन में सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ संवाद, तकनीकी चर्चाएं और विचार-विमर्श आयोजित किए गए।

भिलाई इस्पात संयंत्र को फोरम में चयनित संस्थानों में शामिल किया गया, जिन्हें प्रदर्शनी में अपने कार्यों एवं पहलों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। बीएसपी के स्टॉल पर संसाधनों के बेहतर उपयोग, अपशिष्ट में कमी, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण से जुड़ी विभिन्न पहलों के माध्यम से संयंत्र के सर्कुलर इकोनॉमी इकोसिस्टम को प्रदर्शित किया गया।
बीएसपी के स्टॉल का प्रमुख आकर्षण उसके पॉलीक्लोरीनेटेड बाइफिनाइल (पीसीबी) उपचार संयंत्र का मॉडल रहा। इसके माध्यम से पीसीबी युक्त ट्रांसफॉर्मर ऑयल के सुरक्षित उपचार और निपटान के लिए संयंत्र द्वारा अपनाई गई पहल को प्रदर्शित किया गया। यह पहल खतरनाक पदार्थों के वैज्ञानिक प्रबंधन, सुरक्षित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बीएसपी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
फोरम में भारत सहित विभिन्न देशों से आए हजारों आगंतुकों ने बीएसपी के स्टॉल का अवलोकन किया। इनमें विदेशी प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता, शोधकर्ता और अन्य प्रतिभागी शामिल थे। विदेशी प्रतिनिधियों एवं अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों ने विशेष रूप से बीएसपी की सर्कुलर इकोनॉमी पहलों में रुचि दिखाई। पीसीबी उपचार संयंत्र का मॉडल स्टॉल पर प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरा। प्रतिभागियों ने बड़े औद्योगिक परिवेश में सर्कुलर इकोनॉमी के सिद्धांतों के व्यावहारिक अनुप्रयोग की दिशा में बीएसपी के प्रयासों की जानकारी ली।
वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम 2026 में बीएसपी की भागीदारी ने संयंत्र को अपनी पर्यावरणीय पहल, सर्कुलर इकोनॉमी आधारित कार्यप्रणालियों और प्रौद्योगिकी आधारित स्थायित्व प्रयासों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर दिया। इस दौरान सर्कुलर इकोनॉमी के क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थानों और विशेषज्ञों के साथ संवाद तथा ज्ञान के आदान-प्रदान का भी अवसर मिला।
फोरम में बीएसपी की ओर से महाप्रबंधक प्रभारी (पर्यावरण प्रबंधन) उमा कटोच, उप महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) बी. अनुराधा तथा उप प्रबंधक (जनसंपर्क) शालिनी चौरसिया ने सहभागिता की।
बीएसपी की यह सहभागिता सतत उत्पादन, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और सर्कुलर औद्योगिक इकोसिस्टम के विकास के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। साथ ही, यह संसाधन-कुशल एवं सतत औद्योगिक विकास की दिशा में देश के प्रयासों में भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान को भी सामने लाती है।





















