








Raipur chhattisgarh VISHESH / राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के गो-ग्रीन क्लब द्वारा 12 सितंबर 2026 को पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन गणेश प्रतिमा निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा पारंपरिक गणेशोत्सव को अधिक पर्यावरण-संवेदनशील बनाने का संदेश देना था।
कार्यक्रम का आयोजन गो-ग्रीन क्लब के फैकल्टी इंचार्ज डॉ गोविन्द पी गुप्ता , कबिता बिस्वास शर्मा, डॉ.शशि कांत वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर डॉ. शुभाशीष सान्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. देवांशी गौर, सहायक प्राध्यापक, वास्तुकला विभाग; श्री मिथिलेश बारिक, कलाकार; तथा श्रुति एस. नागदेव, सहायक प्राध्यापक, वास्तुकला विभाग शामिल रहे।

प्रतियोगिता में रायपुर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्थान के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 1 से लेकर कॉलेज स्तर तक के लगभग 350 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों को चार समूहों में विभाजित किया गया था। समिति द्वारा प्रतिभागियों को मिट्टी एवं मूर्ति निर्माण के लिए आवश्यक सभी सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान प्रत्येक मूर्ति में एक पौधे का बीज भी डाला गया जिससे मूर्ति के विसर्जन करने पर वह एक पौधे का रूप ले सके और पर्यावरण संरक्षण में सहायक सिद्ध हो सके | विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ मिट्टी से भगवान गणेश की सुंदर प्रतिमाएं बनाईं और अपनी रचनात्मकता तथा कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं की घोषणा की गई तथा उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता के प्रथम समूह, जिसमें कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थी शामिल थे, में मनसवी एवं अद्विका ने प्रथम पुरस्कार, श्रीनी एवं काव्या ने द्वितीय पुरस्कार तथा श्रेया, आरोही एवं सानवी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
द्वितीय समूह, जिसमें कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थी शामिल थे, में पायल एवं भूमिका ने प्रथम पुरस्कार, सचिन, इंद्राणी एवं टीम ने द्वितीय पुरस्कार तथा आकाशी, राशि एवं टीम ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
तृतीय समूह, जिसमें कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थी शामिल थे, में आर्या पांडे ने प्रथम पुरस्कार, महक शर्मा ने द्वितीय पुरस्कार तथा पाखी गुप्ता ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
चतुर्थ समूह, जिसमें महाविद्यालयीन विद्यार्थी शामिल थे, में पी. एस. कश्यप एवं जोगेश पवित्रा ने प्रथम पुरस्कार, योगेंद्र ने द्वितीय पुरस्कार तथा पार्थिब, बियास, ज्योतिका एवं रघुवीर ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
एनआईटी रायपुर में आयोजित ग्रीन गणेश प्रतियोगिता ने न केवल गणेशोत्सव को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की, बल्कि कार्यक्रम के दौरान उत्पन्न कचरे के उचित निपटान को भी सुनिश्चित किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।





















