



Raipur chhattisgarh VISHESH / राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान रायपुर के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, करियर डेवलपमेंट सेंटर (CDC) ने Open Links Foundation (OLF) के सहयोग से “सामाजिक क्षेत्र में अवसर” विषय पर दिनांक 11 सितंबर 2026 को एक विशेषज्ञ वक्ता सत्र का आयोजन किया।
सत्र के वक्ता श्री संजय डालमिया, संस्थापक एवं CEO, Open Links Foundation ने रहे | वे IIT दिल्ली और IIM अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं तथा IT उत्पाद विकास के क्षेत्र में लगभग 25 वर्षों का अनुभव रखते हैं। कार्यक्रम में डॉ समीर बाजपेयी, निदेशक (प्रभारी), अधिकारीगण और विद्यार्थी मौजूद रहे | सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से परिचित कराना तथा यह समझाना था कि तकनीक, नेतृत्व, मार्गदर्शन और प्रबंधन जैसे कौशलों के माध्यम से बड़े पैमाने पर सामाजिक चुनौतियों के समाधान में योगदान दिया जा सकता है।
सत्र के दौरान श्री डालमिया ने OLF की प्रमुख पहल “विनोबा कार्यक्रम” के बारे में जानकारी दी। यह कार्यक्रम सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर केंद्रित है और इसमें तकनीक, व्यवहार विज्ञान, शिक्षक सहभागिता, डेटा-आधारित निर्णय लेने तथा लक्षित हस्तक्षेपों का उपयोग किया जाता है। कार्यक्रम के अंतर्गत फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (FLN), छात्रवृत्ति एवं बोर्ड परीक्षा की तैयारी, JEE/NEET मार्गदर्शन, कहानी-कथन, स्पोकन इंग्लिश, कविता पाठ और वित्तीय साक्षरता जैसी शैक्षणिक एवं जीवन-कौशल संबंधी पहलों को बढ़ावा दिया जाता है। यह कार्यक्रम कई राज्यों में बड़े स्तर पर लागू किया जा चुका है।
सत्र का एक प्रमुख आकर्षण “पोलस्टार कार्यक्रम” रहा। इस कार्यक्रम के माध्यम से NIT रायपुर के विद्यार्थियों को प्रतिभाशाली सरकारी विद्यालय के छात्रों के मार्गदर्शन और मेंटरिंग का अवसर मिलता है। पोलस्टार विद्यार्थी JEE/NEET की तैयारी में मार्गदर्शन करते हैं, उनकी शंकाओं का समाधान करते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें उच्च शिक्षा के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इस कार्यक्रम के लिए लगभग 8 घंटे प्रति माह का समय देना होता है और इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मेंटरिंग, संवाद कौशल तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है।
इस सत्र ने विद्यार्थियों को सामाजिक क्षेत्र को एक सार्थक करियर विकल्प और सामाजिक प्रभाव उत्पन्न करने वाले महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में समझने का अवसर प्रदान किया। विद्यार्थियों को पोलस्टार कार्यक्रम जैसी पहलों से जुड़ने और समाज में सकारात्मक एवं मापनीय परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया गया। यह संवाद अत्यंत ज्ञानवर्धक रहा और विद्यार्थियों को एक अनुभवी पेशेवर से करियर के विभिन्न मार्गों, मेंटरशिप तथा सामाजिक प्रभाव के निर्माण के बारे में प्रत्यक्ष रूप से सीखने का अवसर मिला।






















