

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर को 14 और 15 नवंबर 2026 को प्रतिष्ठित नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज 2026 के आयोजन का अवसर लगातार दूसरे वर्ष प्राप्त हुआ है। नासा स्पेस ऐप्स ग्लोबल ऑर्गेनाइजिंग टीम द्वारा रायपुर के लिए आधिकारिक लोकल लीड नियुक्त किए जाने के बाद, एनआईटी रायपुर एक बार फिर इस विश्वस्तरीय हैकथॉन की मेजबानी करेगा। वर्ष 2025 के सफल आयोजन के पश्चात मिली यह जिम्मेदारी नवाचार, वैज्ञानिक उत्कृष्टता एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में संस्थान की बढ़ती पहचान को और सुदृढ़ करती है। यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, इंजीनियरों, डेवलपर्स, डिज़ाइनर्स, उद्यमियों तथा तकनीकी नवप्रवर्तकों को एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा, जहाँ वे ओपन-सोर्स स्पेस डाटा का उपयोग करते हुए वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए नवीन समाधान विकसित करेंगे। एनआईटी रायपुर के सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (कोसाइन) एवं इनोवेशन सेल द्वारा इस कार्यक्रम का संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा।
नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज विश्व का सबसे बड़ा वार्षिक वैश्विक हैकथॉन है, जो दुनिया भर के नवप्रवर्तकों को एक साथ लाकर नासा तथा उसकी अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी साझेदारों (जिनमें इसरो भी शामिल है) द्वारा उपलब्ध कराए गए फ्री एवं ओपन-सोर्स डाटा के माध्यम से पृथ्वी, अंतरिक्ष और समाज से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों का समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित करता है। इस प्रतियोगिता में स्कूली विद्यार्थियों से लेकर महाविद्यालयीन छात्र, शोधकर्ता, इंजीनियर, डेवलपर, डिज़ाइनर, उद्यमी तथा अन्य नवाचारकर्ता भाग ले सकते हैं। यह हैकथॉन अंतर्विषयक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रतिभागियों को प्रभावशाली ओपन-सोर्स समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। स्थानीय स्तर पर चयनित उत्कृष्ट प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन चरण में पहुँचते हैं, जहाँ उन्हें नासा के प्रतिष्ठित ग्लोबल अवार्ड्स के लिए प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलता है। नासा स्पेस ऐप्स चैलेंज से संबंधित अधिक जानकारी एवं नवीनतम अपडेट आधिकारिक वेबसाइट https://www.spaceappschallenge.org/2026/local-events/raipur/ पर उपलब्ध हैं।

रायपुर के आधिकारिक लोकल लीड के रूप में एनआईटी रायपुर एक बार फिर इस वैश्विक पहल का क्षेत्रीय केंद्र बनेगा तथा मध्य भारत में नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को नई दिशा प्रदान करेगा। वर्ष 2025 के सफल आयोजन के दौरान प्रदर्शित उत्कृष्ट नेतृत्व, प्रभावी समन्वय एवं सफल आयोजन को देखते हुए नासा स्पेस ऐप्स ग्लोबल ऑर्गेनाइजिंग टीम ने पुनः यह जिम्मेदारी एनआईटी रायपुर को सौंपी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से युवा नवप्रवर्तकों को नई संभावनाओं से जोड़ना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की वैश्विक पहचान को और सशक्त बनाना है।





















