

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू को दी जानकारी
Raipur chhattisgarh VISHESH / बिलासपुर। नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा, जिला बालोद में नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्तुत प्रस्ताव पर केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण किया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्यमंत्री श्री जयंत चौधरी ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू को पत्र भेजकर जानकारी दी है।

श्री जयंत चौधरी ने अपने पत्र में बताया कि दल्लीराजहरा में नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव केंद्रीय विद्यालय संगठन को प्राप्त हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना एक सतत प्रक्रिया है तथा प्राप्त प्रस्तावों का निर्धारित मानदंडों के अनुसार विभिन्न स्तरों पर परीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके उपरांत सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाती है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने 17 मई 2026 को शिक्षा मंत्री को अर्धशासकीय पत्र भेजकर दल्लीराजहरा में नवीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का आग्रह किया था। इसी के संदर्भ में शिक्षा राज्यमंत्री श्री जयंत चौधरी ने 5 अगस्त 2026 को श्री साहू को प्रस्ताव की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है।
दल्लीराजहरा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव के निर्धारित प्रक्रिया में आगे बढ़ने से क्षेत्रवासियों में भी सकारात्मक उम्मीद जगी है।





















