

छत्तीसगढ़ के वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की पहल
प्रविष्टि तिथि: 17 AUG 2026 6:28PM
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को लोक भवन, रायपुर में ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से आरईसी लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत 7.21 करोड़ रुपये की लागत से संचालित होने वाली छह मोबाइल मेडिकल यूनिट्स (एमएमयू) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर आरईसी लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के मुख्य परियोजना प्रबंधक (सीपीएम) सत्यबान साहू सहित आरईसी लिमिटेड तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी (आईआरसीएस), छत्तीसगढ़ के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह पहल छत्तीसगढ़ के उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और पहुंच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जहां आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच सीमित है। मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित समुदायों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, स्वास्थ्य सेवा वितरण में मौजूद अंतर को कम करने तथा अंतिम छोर तक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
आरईसी लिमिटेड की इस कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद समुदायों के और करीब लाना है। यह पहल समावेशी एवं सतत विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है और स्वस्थ, सशक्त तथा अधिक समावेशी विकसित भारत के निर्माण की दिशा में योगदान देगी।
*****
आरडीजे/बीकेटी





















