

प्रविष्टि तिथि: 03 AUG 2026 6:04PM
भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल ने उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए जुलाई 2026 में 1,25,254 टन उत्पादन दर्ज किया है। यह प्लेट मिल का जुलाई माह में अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। इस उपलब्धि के साथ विभाग ने जुलाई 2023 में दर्ज 1,20,139 टन के पिछले उत्पादन रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।


प्लेट मिल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र तथा कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) पी.के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (संकार्य) राकेश कुमार और कार्यपालक निदेशक (माइंस) कमल भास्कर ने प्लेट मिल का दौरा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने प्लेट मिल की टीम के समर्पण, उत्कृष्ट कार्यकुशलता, बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने टीम को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और कार्यक्षमता के साथ नए उत्पादन कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर निदेशक प्रभारी चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि प्लेट मिल की यह उपलब्धि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, उत्कृष्ट समन्वय और निरंतर बेहतर प्रदर्शन की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्लेट मिल भविष्य में भी इसी उत्साह और कार्यकुशलता के साथ नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा भिलाई इस्पात संयंत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
प्लेट मिल के मुख्य महाप्रबंधक कार्तिकेय बेहेरा ने भी इस उपलब्धि के लिए विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्लेट मिल आने वाले समय में उत्पादन से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगा।





















