


Raipur chhattisgarh VISHESH / नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर के अंतर्गत किसान धन केन्द्र (नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड), सरगांव, जिला रायपुर में दिनांक 24.07.2026 को पीएम-प्रणाम योजना के अंतर्गत “संतुलित उर्वरक उपयोग” विषय पर एक किसान संगोष्ठी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में लगभग 40–42 कृषकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।



कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी, रायपुर, श्री चंदन कुमार हुई द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कृषकों को संतुलित उर्वरक उपयोग में मृदा परीक्षण (Soil Testing) के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से फसल उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ उत्पादन लागत में कमी आती है तथा भूमि की उर्वराशक्ति भी दीर्घकाल तक सुरक्षित रहती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग तथा जैविक विकल्पों के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक, रायपुर, श्री राहुल कटियार ने कृषकों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग, खेत स्तर पर जैविक खाद निर्माण की सरल विधियों, जैविक खाद, पीडीएम, समुद्री शैवाल (सी-वीड) एवं सिटी कम्पोस्ट के उपयोग की प्रक्रिया तथा उनसे प्राप्त होने वाले लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कृषकों से रासायनिक एवं जैविक उर्वरकों के समन्वित उपयोग को अपनाकर टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धति विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला प्रभारी, महासमुंद, श्री आई.पी. सिंह ने संतुलित उर्वरक उपयोग में सूक्ष्म पोषक तत्वों (माइक्रोन्यूट्रिएंट्स) की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिंक, बोरॉन, आयरन, सल्फर एवं अन्य सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से फसल की वृद्धि एवं उत्पादन प्रभावित होता है। अतः मृदा परीक्षण के आधार पर आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों का समुचित प्रयोग कर कृषक बेहतर गुणवत्ता एवं अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला प्रभारी, रायपुर, श्री चंदन कुमार हुई द्वारा उपस्थित सभी कृषकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। तत्पश्चात अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।
नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड
क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़)
























